भोपाल: गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग करने वाले किसानों को पुलिस ने किया डिटेन, 2 दिन से धरने पर बैठे थे किसान
पुलिस ने किसानों का प्रदर्शन कराया खत्म
Bhopal News: भोपाल में गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और 50 रुपए बोनस देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे करीब 80 किसानों को मंगलवार शाम पुलिस ने हिरासत में ले लिया. शाम करीब 5:30 बजे पुलिस किसानों को दो बसों में बैठाकर कजलीखेड़ा थाने ले गई. इसके बाद होशंगाबाद रोड पर वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर चल रहा प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया.
किसानों ने लगाया जबरन हटाने का आरोप
किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए थे. उनका कहना था कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे. राष्ट्रवादी किसान आर्मी के सदस्य राकेश धाकड़ ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस और प्रशासन ने बलपूर्वक हिरासत में लिया है.
प्रशासन ने अनुमति नहीं होने की कही बात
एडीएम महेंद्र सिंह के मुताबिक, किसान सार्वजनिक सड़क और सर्विस रोड पर प्रदर्शन कर रहे थे. आसपास विश्वविद्यालय, एम्स और अन्य अस्पताल होने के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी. प्रदर्शनकारियों के पास धरने की अनुमति नहीं थी. प्रशासन ने किसानों को निर्धारित धरना स्थलों की जानकारी दी थी और उनकी मांगें उच्च स्तर तक पहुंचाई थीं. अधिकारियों ने कहा कि किसान नियमानुसार अनुमति लेकर प्रदर्शन कर सकते हैं.
दो दिन के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई का आरोप
राकेश धाकड़ ने बताया कि अधिकारियों की ओर से किसानों को दो दिन का समय देने की बात कही गई थी. उन्हें आश्वासन मिला था कि दो दिन बाद अपनी मांगों को लेकर फिर चर्चा कर सकते हैं. इसके बावजूद किसानों को हिरासत में ले लिया गया. उन्होंने कहा कि यदि दो दिनों में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. किसानों की रिहाई के बाद आगे की रणनीति तय होगी.
कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच होगी चर्चा
इससे पहले मंगलवार दोपहर पांच किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े से मुलाकात की थी. किसानों के मुताबिक, बुधवार को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है. बैठक में होने वाले निर्णय के आधार पर किसान आगे की रणनीति तय करेंगे.
होशंगाबाद से भी पहुंच रहे थे किसान
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए होशंगाबाद से भी किसानों के भोपाल पहुंचने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी. किसान नेता राकेश धाकड़ के अनुसार, किसानों ने सोमवार की रात खुले आसमान के नीचे गुजारी और खाने-पीने की व्यवस्था खुद की थी.



