Vistaar NEWS

MP News: शिक्षक पात्रता परीक्षा के आवेदन की बढ़ी तारीख, 18 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Madhya Pradesh Employees Commission

मध्‍य प्रदेश कर्मचारी आयोग

MP News: मध्य प्रदेश में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहली बार होने जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा के आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है. अब शिक्षक 18 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 20 सितंबर तक का समय मिलेगा. परीक्षा में ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प देने पर भी सहमति बनी है.

कम आवेदन के चलते बढ़ाई तारीख

3 सितंबर की रात 12 बजे तक 12 हजार से ज्यादा आवेदन ही प्राप्त हुए थे, जबकि परीक्षा के दायरे में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के आने का अनुमान है. कम आवेदन को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग और कर्मचारी चयन मंडल के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद आवेदन की तारीख बढ़ाने का फैसला लिया गया.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर परीक्षा

सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में आदेश दिया था कि 1998 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों को नौकरी में बने रहने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी. इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से परीक्षा कराने का निर्णय लिया. पहले आवेदन की अंतिम तारीख 4 सितंबर निर्धारित थी.

ऑफलाइन परीक्षा का भी विकल्प

शिक्षक संगठनों ने स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात कर ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन परीक्षा कराने की मांग की थी. संगठनों का कहना था कि कई शिक्षक कंप्यूटर चलाने में सहज नहीं हैं. विभाग और कर्मचारी चयन मंडल की चर्चा के बाद ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प देने पर सहमति बन गई है.

1 हजार रुपए शुल्क पर विरोध

शिक्षकों ने परीक्षा के लिए तय 1 हजार रुपए शुल्क का भी विरोध किया है. उनका कहना है कि परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार करा रही है, इसलिए इसका खर्च भी सरकार को उठाना चाहिए. शुल्क से राहत देने को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट फैसला नहीं हुआ है.

शिक्षकों की सूची जारी करने की मांग

कई शिक्षक परीक्षा के लिए आवेदन करने से पहले यह स्पष्ट जानकारी चाहते हैं कि पात्रता परीक्षा के दायरे में कौन-कौन आएगा. शिक्षकों ने विभाग से संबंधित शिक्षकों की सूची जारी करने की मांग की है. विभाग का कहना है कि परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत हो रही है, इसलिए अलग से आदेश जारी करने की जरूरत नहीं है. हालांकि, शिक्षकों की सूची जारी करने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

ये भी पढे़ं- भोपाल के 139 हॉस्पिटल पर मंडरा रहा खतरा! आयुष्‍मान वाले इन अस्‍पतालों पर नकेल कसने की तैयारी

Exit mobile version