Ujjain: सिंहस्थ 2028 में मेला क्षेत्र पहुंचने के लिए चलेंगी 2000 से ज्यादा बसें, जल्द तय होंगे रूट

Ujjain Simhastha Kumbh Mela: मध्य प्रदेश के उज्जैन में साल 2028 में सिंहस्थ कुंभ होने वाला है. इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं. मेला स्थल तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत ना हो इसके लिए 2000 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी की जा रही है
ujjain Simhastha kumbh 2000 buses

उज्जैन: सिंहस्थ कुंभ के लिए चलेंगी 2000 बसें

Ujjain Simhastha Kumbh Mela: मध्य प्रदेश के उज्जैन में साल 2028 में सिंहस्थ कुंभ होने वाला है. इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं. अलग-अलग विकास कार्यों के साथ-साथ मेला क्षेत्रों को युद्ध स्तर पर विकसित किया जा रहा है. मेला स्थल तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत ना हो इसके लिए 2000 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी की जा रही है. ये बसें उज्जैन बाइपास से शहर के विभिन्न क्षेत्र के लिए संचालित की जाएंगी.

UDA तय करेगा बसों का रूट

इन बसों के संचालन की जिम्मेदारी उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) को दी गई है. यूडीए तय करेगा कि इन बसों को किस रूट पर चलाया जाएगा. इसके लिए विस्तृत प्लान बनाया जाएगा. इंदौर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट से सीधे मेला क्षेत्र जाने वाली बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है. इससे कुंभ मेले में शामिल होना आसान हो जाएगा.

सिंहस्थ के लिए मुख्यमंत्री ने की बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार (23 नवंबर) को सिंहस्थ मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक हुई. इस मीटिंग में कई बड़े फैसलों को हरी झंडी दिखाई गई. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सिंहस्थ से जुड़े सभी काम हर हाल में दिसंबर 2027 तक पूरे किए जाएं.सिंहस्थ के बेहतर प्रबंधन के लिए 2801 करोड़ 75 लाख रुपये के 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी मिली है. इस बार सिंहस्थ मेला का आयोजन क्लीन एंड ग्रीन थीम पर होगा.

इन प्रस्तावों पर लगी मुहर

  • क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंचने के लिए बनाए जाएंगे पक्के रास्ते.
  • बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए 387.99 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी.
  • मेला क्षेत्र में पांच अस्थायी बिजली उपकेंद्र, 4500 कनेक्शन और 250 जनरेटर की व्यवस्था प्रस्तावित.
  • स्वच्छता व्यवस्था पर खर्च होंगे 393.53 करोड़ रुपये.
  • मेला क्षेत्र में 8169 स्वच्छता सेट, करीब 1.19 लाख शौचालय और 23,200 स्नानघर बनाने का प्रस्ताव.
  • प्रमुख स्नान पर्वों पर रोजाना 2500 टन कचरा निकलने का अनुमान, सफाई के लिए 13 हजार कर्मचारी तैनात करने की योजना.
  • क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष उपचार और निगरानी व्यवस्था.
  • स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 27.78 करोड़ और अग्निशमन व्यवस्था के लिए 18.23 करोड़ रुपये प्रस्तावित.
  • होमगार्ड की संख्या 8 हजार से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4 हजार से बढ़ाकर 10 हजार करने की तैयारी.
  • सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी और एंटी-ड्रोन तकनीक का होगा इस्तेमाल.
  • मेला क्षेत्र में 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कें और 17 किलोमीटर घाट पाथ-वे बनाने का प्रस्ताव.
  • घाटों, अखाड़ों और पार्किंग स्थलों के बीच 2000 बसों के संचालन की योजना.
  • रामघाट जाने और लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने की तैयारी.
  • उज्जैन के 147 जंक्शनों का होगा उन्नयन, 27 स्थानों पर सौंदर्यीकरण.
  • 90 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सिंहस्थ अनुभव केंद्र, आधुनिक तकनीक से दिखेगी उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत.
📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें