Vistaar NEWS

‘तुम माई के लाल हो तो चलाओ मिसाइल…’, रामेश्वर शर्मा के बयान पर भड़के ओवैसी, बोले- मैं काजी कैंप में खड़ा मिलूंगा

Asaduddin Owaisi

असदुद्दीन ओवैसी

Bhopal: AIMIM प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को भोपाल पहुंचे. इस दौरान उन्‍होंने सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड में समान नागरिक सहिंता (UCC) के विरोध में आयोजित की गई जनसभा को संबोधित किया. कार्यक्रम AIMIM के यूसीसी विरोध अभि‍यान का ही हिस्‍सा था.

कार्यक्रम में असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान पर तीखा पलटवार किया. उन्‍होंने विधायक को मंच से सीधे तौर पर चुनौती दे दी.

ओवैसी ने मंच से कहा कि ‘आप करोंद स्क्वायर से काजी कैंप पर मिसाइल गिराने की बात करते हो. रामेश्वर शर्मा, तुम माई के लाल हो तो बताओ कब मिसाइल लॉन्च करोगे? मैं अकेला काजी कैंप पर खड़ा मिलूंगा, तुम्हारे अंदर दम है तो गिराकर बताओ. आपके जैसे हि*** लोगों से मैं डरने वाला नहीं हूं.’

ओवैसी ने गिनाए स्वतंत्रता सेनानियों के नाम

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि रामेश्वर शर्मा को काजी कैंप का इतिहास मालूम होना चाहिए. उन्होंने आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले काजी सैयद आबेद अली, वाजिद अली हुसैनी, खान शाहिद अली खान, वाजिल मोहम्मद खान, अब्दुल खान, शेख रमजान, सादाद खान और रिसालदार वली शाह जैसे सेनानियों के नाम गिनाए.

UCC को लेकर भी सरकार पर निशाना

जनसभा से पहले और प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का उल्लेख करते हुए कहा कि ये प्रावधान समानता और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े अधिकार देते हैं. ओवैसी ने दावा किया कि उत्तराखंड में लागू UCC मॉडल को गुजरात, असम, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लागू करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में मस्जिदों और कब्रिस्तानों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए.

रामेश्वर शर्मा ने दी सफाई

दरअसल, भोपाल के करोंद इलाके में जन्‍माष्टमी के मौके पर मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें विधायक रामेश्वर शर्मा समेत कई भाजपा नेता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान शर्मा ने मंच से कहा था कि ‘करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे.’ इस बयान के बाद विवाद शुरू हो गया.

विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने भोपाल के काजी कैंप का जिक्र नहीं किया था. उनका कहना था कि उन्होंने इस्लामाबाद वाले काजी कैंप की बात की थी.

ये भी पढे़ं- ‘करोंद से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में गिरे…’, रामेश्वर शर्मा के बयान से फ‍िर गरमाई सियासत, अब दी सफाई

Exit mobile version