Ashish Agrawal Gets National Role: मध्य प्रदेश से आशीष उषा अग्रवाल को भारतीय जनता पार्टी में राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है. इससे पहले आशीष अग्रवाल संगठन में सह संयोजक की भूमिका निभा रहे थे. इसके साथ ही अनिल बलूनी को संवहन विभाग का समन्वयक बनाया गया है.
आशीष अग्रवाल मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं. वे कई सालों तक प्रदेश भाजपा संगठन में काम कर चुके हैं. यहां भी उनके पास मीडिया विभाग की जिम्मेदारी रही है. भाजपा संगठन में आशीष अग्रवाल के साथ ही कई बड़े नेताओं को जगह मिली है.
आशीष अग्रवाल के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है. उन्होंने कई प्रदेश अध्यक्ष और सीएम के साथ काम किया है. उनके बारे में कहा जाता है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन के बीच अच्छा तालमेल बिठाने का काम किया है. अपने अनुभव के जरिए सरकार और पार्टी की योजनाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने का काम किया है. आशीष अग्रवाल के इन्हीं अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उनपर भरोसा जताया और राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंप दी.
ये भी पढे़ंः BJP के प्रदेश प्रभारियों का ऐलान, स्मृति को छत्तीसगढ़ बिप्लब देव को MP की जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट
अनिल बलूनी को समन्वयक की जिम्मेदारी
इसके साथ ही उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी को संवहन विभाग का समन्वयक बनाया गया है. इससे पहले अनिल बलूनी के पास राष्ट्रीय मीडिया संयोजक (मीडिया प्रभारी) की जिम्मेदारी थी.
MP-CG समेत कई प्रदेश प्रभारियों का भी ऐलान
भाजपा ने इसके साथ ही कई प्रदेश प्रभारियों का भी ऐलान किया है. जिसके तहत प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है. भाजपा ने मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब देव और छत्तीसगढ़ की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को सौंपी है.
