Bhopal News: मध्य प्रदेश में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड को लेकर प्रदर्शन का सिलसिला जारी है. भोपाल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन के बाद अब आयुष इंटर्न डॉक्टर भी अपनी मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं. मंगलवार को 100 से ज्यादा आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग उठाई.
9,383 रुपये स्टाइपेंड पर जताई नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि मध्य प्रदेश में आयुष इंटर्न को हर महीने सिर्फ 9,383 रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है. उनका दावा है कि यह राशि देश के कई राज्यों की तुलना में काफी कम है. डॉक्टरों ने सरकार से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी करने और दूसरे राज्यों के स्तर पर इसे लाने की मांग की है.
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर रोका गया
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया. सुरक्षा को देखते हुए बाहर का गेट भी बंद कर दिया गया और मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया. डॉक्टरों ने परिसर के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया.
एमबीबीएस इंटर्न का स्टाइपेंड 50 फीसदी बढ़ा
इससे पहले भोपाल में गांधी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों ने भी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन किया था. उनका प्रदर्शन करीब तीन दिन तक चला था. आंदोलन के दौरान सड़क जाम करने की स्थिति भी बनी थी.
इसके बाद सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड 50 फीसदी बढ़ाकर 21,500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग स्वीकार कर ली थी. इसी घटनाक्रम के बीच अब आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने भी अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
दूसरे राज्यों में ज्यादा स्टाइपेंड का दिया हवाला
आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने दूसरे राज्यों में मिलने वाले स्टाइपेंड का हवाला देते हुए अपनी मांग रखी है. उनके मुताबिक पश्चिम बंगाल में आयुष इंटर्न को 33,099 रुपये प्रतिमाह, ओडिशा में 30 हजार रुपये, तेलंगाना में 29,792 रुपये और बिहार में 27 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जाता है. आंध्र प्रदेश में यह राशि 25,906 रुपये, केरल में 23 हजार और कर्नाटक में 22,500 रुपये बताई गई है.
छत्तीसगढ़ में भी 15,900 रुपये स्टाइपेंड
इसके अलावा असम और महाराष्ट्र में करीब 18 हजार रुपये, छत्तीसगढ़ में 15,900 रुपये तथा पंजाब और उत्तराखंड में 15 हजार रुपये स्टाइपेंड मिलने की बात कही गई है. राजस्थान में 14 हजार रुपये के साथ डीए भी दिया जाता है. हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में यह राशि 10 हजार रुपये बताई गई है.
सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
आयुष इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि दूसरे राज्यों की तुलना में मध्य प्रदेश में दिया जा रहा 9,383 रुपये का स्टाइपेंड कम है. डॉक्टरों ने सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने और उनकी मांग पर जल्द फैसला लेने की अपील की है.
ये भी पढे़ं- भोपाल की सड़कों पर इंटर्न डॉक्टरों का प्रदर्शन, बातचीत के बाद भी नहीं बनी सहमति, आज राज्यव्यापी हड़ताल
