Bhopal News: AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने मध्य प्रदेश में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. ओवैसी ने आरोप लगाया कि समान नागरिक संहिता समानता और एकरूपता के लिए नहीं, बल्कि देश के करीब 18 करोड़ मुसलमानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लाई जा रही है. उन्होंने कहा कि इसके जरिए संविधान में मिले धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है.
#WATCH | Bhopal, Madhya Pradesh: On the Uniform Civil Code (UCC), AIMIM Chief Asaduddin Owaisi says, "This is against Articles 25, 26, 14 and 29 of the Constitution, and you cannot implement such a law by abolishing freedom of religion." pic.twitter.com/uaY1Sk6GwS
— ANI (@ANI) September 15, 2026
‘दायरा सभी समुदायों के लिए समान होना चाहिए’
ओवैसी ने संविधान के अनुच्छेद 25, 26 और 29 का हवाला देते हुए कहा कि देश में हर व्यक्ति और समुदाय को अपने धर्म और संस्कृति के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है. उन्होंने सवाल उठाया कि मध्य प्रदेश में आदिवासी आबादी मुस्लिम आबादी से अधिक है, इसके बावजूद आदिवासियों को प्रस्तावित यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है. ओवैसी ने कहा कि यदि कानून वास्तव में समान नागरिक संहिता के उद्देश्य से बनाया जा रहा है तो इसका दायरा सभी समुदायों के लिए समान होना चाहिए.
ओवैसी ने हिंदू विवाह अधिनियम और तलाक से जुड़े प्रावधानों का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज विवाह, तलाक और संपत्ति के बंटवारे जैसे मामलों में अपने धार्मिक कानूनों के अनुसार व्यवस्था चाहता है. उनका सवाल था कि जिस समुदाय ने किसी कानून की मांग नहीं की, उस पर उसे लागू करने का औचित्य क्या है. उन्होंने उत्तराखंड और गुजरात समेत अन्य राज्यों में लागू या प्रस्तावित यूसीसी का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी ऐसी व्यवस्था लागू करने की तैयारी है.
ओवैसी ने बीजेपी पर साधा निशाना
एआईएमआईएम प्रमुख ने भाजपा शासित राज्यों में मस्जिदों और दरगाहों को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड इन मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहा है. सागर शराब कांड पर ओवैसी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि सरकार को यह पता लगाना चाहिए कि लोगों को शराब कौन उपलब्ध करा रहा है और अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही.
लव जिहाद पर क्या बोले?
लव जिहाद के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि यदि दो बालिग अपनी इच्छा से शादी करना चाहते हैं तो उन्हें रोकने वाले सरकार या अन्य लोग कौन होते हैं? उन्होंने कहा कि मोहब्बत को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए.
कांग्रेस पर कसा तंज
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह अभी तय नहीं है. उन्होंने भाजपा को रोकने के लिए सभी दलों के साथ गठबंधन की संभावना खुली रखने की बात कही. कांग्रेस द्वारा एआईएमआईएम को ‘बी टीम’ बताए जाने पर भी ओवैसी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस के साथ कुछ गलत होता है, उसका ठीकरा एआईएमआईएम पर फोड़ दिया जाता है. ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ने पहले भी गठबंधन का प्रस्ताव दिया था, लेकिन बात नहीं बनी.
