MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार (18 अक्टूबर) देर रात चार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला कर दिया. IAS संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई है. अब तक उनके पास भोपाल नगर पालिक निगम आयुक्त का पद था. राम प्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का कमिश्नर बनाया गया है. इसके साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
इन अधिकारियों का भी हुआ ट्रांसफर
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है. इसके अनुसार छिंदवाड़ा के कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त बनाया गया है. अंजू कुमार भगत को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है. इससे पहले उनके पास भोपाल स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जिम्मेदारी थी. इसके साथ ही भोपाल नगर निगम के अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार था.
चर्चा में रही हैं संस्कृति जैन
संस्कृति जैन 2015 बैच की IAS अधिकारी हैं. भोपाल में नगर निगम कमिश्नर रहने से पहले वे सिवनी में कलेक्टर रह चुकी हैं. उन्होंने इस पद पर करीब 15 महीने गुजारे थे. जब उनका सिवनी से भोपाल ट्रांसफर हुआ तो अधिकारियों ने उन्हें पालकी में विदाई दी थी. इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं. इसके उलट भोपाल में जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली थी. नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने खुलकर नाराजगी जताई थी.
IAS संस्कृति जैन के सामने भोपाल में सीलिंग का मुद्दा सबसे बड़ा रहा. व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही उनके साथ न्यायालय में जवाब-तलब भी किया गया. अब नवनियुक्त राम प्रकाश अहिरवार के सामने ये चुनौती रहेगी. जबलपुर में इससे पहले कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का तबादला किया गया था.
