Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया. विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि ये कह रहे हैं कि प्रजातंत्र पर अटैक हो रहा है. कांग्रेस ने 356 का दुरुपयोग कांग्रेस ने 90 बार किया था. चुनी हुई सरकारों को गिराया है, एक बार नहीं 90वें बार गिराया है. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 50 बार सरकारों को गिराया. ये इनका काम करने का तरीका था. या तो इनके पक्ष में फैसला दो नहीं तो ये डिस्क्रेडिट करेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी और राजीव गांधी ने योजना आयोग को ‘बंच ऑफ जोकर्स’ बताया था. उस समय प्लानिंग कमीशन के अध्यक्ष डॉ. मनमोहन सिंह थे. अपनी ही सरकार के अध्यादेश को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फाड़ दिया था.
कांग्रेस पर कसा तंज
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आपका इतिहास बताना चाहता हूं. आप 58 साल से तमिलनाडु में सरकार में नहीं आए हैं. 48 साल से पश्चिम बंगाल में सरकार नहीं बनी है. उत्तर प्रदेश से 38 साल पहले आपकी सरकार चली गई थी. बिहार-गुजरात में आपकी 35 सालों से सरकार नहीं है. ओडिशा में 25 साल से सत्ता से बाहर हो. दिल्ली में पिछले 12 सालों से सरकार नहीं बनी है. वोट चोरी की बात करते हो.
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि पीएम मोदी को कभी मौत का सौदागर, चाय वाला तो कभी गंदी नाली का कीड़ा, कभी खून की दलाली तो कभी बिच्छू कहते हैं. एक बात याद रखना जब-जब तुमने ऐसे शब्द बोले हैं, जनता ने सबक सिखाया है. आगे भी सबक सिखाएगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बदजुबानी की है.
‘अखिलेश-ममता के हाथ दंगे के खून से सने’
रामलीला मैदान में हुई इंडिया गठबंधन की रैली पर जेपी नड्डा ने कहा कि मंच पर चार लोग ऐसे थे जो बेल पर बाहर थे. इनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, तेजस्वी यादव और फारुख अब्दुल्ला शामिल हैं. ये चारों बेल पर हैं. बेल हटेगी चारो जेल जाएंगे. 13 नेता करोड़ों के घोटाले में फंसे हुए हैं. दो लोग ऐसे थे जिनके हाथ दंगों के खून से सने हुए हैं. एक है अखिलेश यादव, इनका नाम मुजफ्फरपुर, मथुरा, बरेली और प्रतापगढ़ दंगों में आता है. ममता बनर्जी का नाम मुर्शिदाबाद दंगे में आता है. ये इंडिया गठबंधन के नग हैं.
सीएम मोहन यादव ने क्या कहा?
राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करने वाली है. उन्होंने आगे कहा कि जब-जब कोर्ट ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया. पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया है. इसका गवाह आपातकाल है.
