Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राह चलती छात्राओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. कटारा हिल्स इलाके में सीएम राइज स्कूल के पास एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने वाले युवक को पकड़ने के लिए पुलिस के चार आईपीएस अधिकारियों ने टीम को मैदान में उतार दिया.
पुलिसकर्मियों ने इलाके के 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और आखिरकार वारदात के 48 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया.
4 नवंबर की है घटना
घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है. पुलिस के मुताबिक, गौरीशंकर परिसर स्थित पुराने सीएम राइज स्कूल के गेट के पास एक छात्रा घूम रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल से पीछे से आया एक युवक उसके पास पहुंचा और गलत नीयत से उसके शरीर पर हाथ मारकर अश्लील हरकत करने लगा. छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी गंदे कमेंट्स करता हुआ मोटरसाइकिल से फरार हो गया. छात्रा की शिकायत पर कटारा हिल्स थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 आदर्शकांत शुक्ला के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मिनी शुक्ला और एसीपी बागसेवनिया उमराव सिंह ने भी जांच की निगरानी की. थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
पुलिस ने खंगाले 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की कॉलोनियों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया. तकनीकी जानकारी और मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दीनदयाल पार्क के पास मुख्य सड़क से 23 वर्षीय अभिषेक उईके को पकड़ लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की. उसके खिलाफ कटारा हिल्स थाने में अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 74 में मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया गया.
