Vistaar NEWS

भोपाल: दिवाली पर गंदगी का अंबार, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था, 10 संभागों में काम ठप

bhopal safai karamchari hadtal 8 points demand

भोपाल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

Bhopal Safai Karmi Hadtal: दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहरों में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं. राजधानी भोपाल में भी कई इलाकों में गंदगी का अंबार देखने को मिल रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदेश में करीब ढाई लाख दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हड़ताल पर हैं. इन कर्मचारियों की मांग है कि मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत कराई जाए. कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि सांसद, विधायक या किसी अन्य मध्यस्थ के जरिए बातचीत उन्हें मंजूर नहीं है. वे अपनी मांगों को लेकर सीधे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं.

अटल भवन में तालाबंदी की चेतावनी

हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को अटल भवन में तालाबंदी और जलापूर्ति रोकने की चेतावनी दी है. अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा. कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वे नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है.

प्रदेशभर में काम ठप

हड़ताल का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है. प्रदेश के 10 संभागों, 16 नगर निगमों और 374 नगरपालिकाओं में काम ठप पड़ा है. सफाई, जलापूर्ति, कचरा उठाना, स्ट्रीट लाइट समेत कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. भोपाल में कई वार्डों में दो-तीन दिन से कचरा नहीं उठा है. नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. दिवाली की साफ-सफाई के लिए लोग परेशान हैं. दुकानदारों और रहवासियों का कहना है कि त्योहार के समय इस तरह की हड़ताल से आम जनता को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है.

प्रशासन की बढ़ी चिंता

त्योहार के समय सफाई व्यवस्था बिगड़ने से प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है. नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सफाई कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों की संख्या कम होने से काम पूरी तरह नहीं हो पा रहा है.

Exit mobile version