Bhopal Sam College Garba Controversy: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उस समय हंगामा हो गया. जब रायसेन रोड स्थित सैम कॉलेज में आयोजित गरबा महोत्सव में दो मुस्लिम युवक घुस आए. लोगों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने दोनों को हिंदू संगठन बजरंग दल के हवाले कर दिया. पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव किया.
तिलक लगाकर पहुंचे थे युवक
पूरा मामला 16 अक्टूबर का बताया जा रहा है. बजरंग दल के विद्यार्थी प्रमुख पुष्पराज यादव ने इस मामले की शिकायत बिलखिरिया पुलिस थाने में दर्ज करवायी थी. उन्होंने बताया कि भोपाल के रायसेन रोड स्थित सैम कॉलेज में रात 8.30 बजे गरबा चल रहा था. इसी दौरान वहां फिल्मी गानों पर अश्लील डांस भी हो रहा था. यहां दो मुस्लिम युवक मिले, जो तिलक लगाकर पहुंचे थे.
कॉलेज फैकल्टी पर लगाए आरोप
पुष्पराज यादव ने कॉलेज फैकल्टी पर परिसर से बाहर निकलवाने का आरोप लगाया. समाचार समूह भास्कर हिंदी के मुताबिक बजरंग दल के विद्यार्थी प्रमुख ने कहा कि उन्होंने फिल्मी गाने पर डांस कर रहे युवकों को समझाने की कोशिश की. इसके साथ ही गाना बंद करने के लिए कहा. इस पर गरबे में मौजूद युवकों ने बहस की. यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज फैकल्टी ने मुस्लिम युवकों का साथ दिया. फैकल्टी नीरज गुप्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को बाउंसर्स के जरिए बाहर निकालने का आदेश दिया.
ये भी पढ़ें: खाटू श्याम जा रही ट्रैवलर कोटा के पास नाले में गिरी, हादसे में एमपी के आठ लोगों की मौत
युवकों पर FIR की मांग
मामला बढ़ने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की. इसके बाद बजरंग दल ने दोनों मुस्लिम युवकों को पुलिस को सौंप दिया. इसके साथ ही उन्होंने FIR दर्ज करने की मांग की है.
