Vistaar NEWS

Bhopal News: मंत्रालय में अब चेहरा दिखाते ही लगेगी हाजिरी, 1 दिसंबर से फेस रिकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम लागू

Vallabh Bhawan Bhopal

वल्लभ भवन भोपाल (फाइल फोटो)

Bhopal News: मध्य प्रदेश के मंत्रालय सहित सतपुड़ा और विंध्याचल भवन में अब कर्मचारियों की लेटलतीफी पर डिजिटल निगरानी रखी जाएगी. दिसंबर से सरकारी कार्यालयों में फेस रिकग्निशन अटेंडेंस सिस्टम लागू करने की तैयारी है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए ट्रायल लगभग पूरा कर लिया है. तीनों भवनों में करीब 30 स्थानों पर 100 फेस रिकग्निशन कैमरे लगाए गए हैं. इनके जरिए कार्यालय आने और जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के साथ उनकी आवाजाही का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा. विभाग की कोशिश है कि एक दिसंबर से नई व्यवस्था औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाए.

फेस रिकग्निशन अटेंडेंस की प्रक्रिया अक्टूबर से चल रही है. सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ट्रायल के दौरान सामने आई तकनीकी खामियों को दूर कर लिया गया है. अब सिस्टम को अंतिम रूप दिया जा रहा है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद कर्मचारियों को उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अलग से रजिस्टर में हस्ताक्षर नहीं करने होंगे. कैमरे के सामने आते ही चेहरे की पहचान के आधार पर उनकी हाजिरी दर्ज होगी.

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदली जा रही व्यवस्था

सरकारी कार्यालयों में समय पर नहीं पहुंचने और ड्यूटी के दौरान सीट पर मौजूद नहीं रहने की शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थिति व्यवस्था में बदलाव के निर्देश दिए थे. मुख्यमंत्री ने 7 जनवरी, 15 मई और 25 अगस्त को हुई समीक्षा बैठकों में मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन सहित प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी कार्यालयों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस लागू करने पर जोर दिया था. उनका उद्देश्य प्रशासनिक अनुशासन मजबूत करना और अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना है.

मुख्यमंत्री ने समय की पाबंदी में सुधार नहीं होने पर सप्ताह में छह दिन कामकाज की व्यवस्था दोबारा लागू करने पर विचार करने की बात भी कही थी. इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने नई तकनीक से उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी तेज कर दी.

मंत्रालय में पहले दो प्रयोग रहे नाकाम

मंत्रालय में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए पहले भी दो प्रयोग किए जा चुके हैं. जून 2024 में अटेंडेंस रजिस्टर में हस्ताक्षर कराने की व्यवस्था शुरू की गई थी. इसके बाद फरवरी 2025 में आधार आधारित फेस अटेंडेंस लागू की गई, लेकिन दोनों व्यवस्थाएं कर्मचारियों की लेटलतीफी पर अंकुश लगाने में कारगर नहीं हो साबित हुआ है. हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि मध्य प्रदेश में कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकारियों पर भी नियम लागू होना चाहिए.

Exit mobile version