Vistaar NEWS

Bhopal: करोड़ों का खर्च, चमचमाता प्लेटफॉर्म, फिर भी धूल फांक रहा निशातपुरा स्टेशन, 3 साल से नहीं रुकी कोई ट्रेन

Nishatpura Railway Station, Bhopal

निशातपुरा रेलवे स्‍टेशन भोपाल

Bhopal News: मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बना निशातपुरा रेलवे स्‍टेशन इन दिनों लगातर सुर्खियों में है. रेलवे स्टेशन पिछले तीन साल से पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अब तक यात्रियों के लिए नहीं खोला गया है. करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्टेशन पर सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन यहां आज तक न कोई ट्रेन रुकी है और न ही यात्रियों की आवाजाही शुरू हो सकी है. ऐसे में यह स्टेशन अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

आधुनिक सुविधाओं के बावजूद पसरा सन्नाटा

जून 2023 में तैयार हुए इस स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, सीसीटीवी कैमरे, लाइटिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. हालांकि, नियमित संचालन शुरू नहीं होने की वजह से पूरा परिसर दिन में सुनसान और रात के समय वीरान नजर आता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से खाली पड़े रहने के कारण इस स्टेशन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होने लगी हैं.

तीन लाख लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का इंतजार

आसपास रहने वाले लोगों का मानना है कि स्टेशन बनने से इलाके की बड़ी आबादी को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक यह सपना पूरा नहीं हो पाया. करीब तीन लाख लोगों को इस स्टेशन के शुरू होने का इंतजार है, ताकि उन्हें बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सके और शहर के दूसरे स्टेशनों पर दबाव भी कम हो.

रास्ता और औपचारिकताएं बनीं अड़चन

निशातपुरा स्टेशन शुरू न होने के पीछे अलग-अलग वजहें सामने आती रही हैं. स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि स्टेशन तक पहुंचने वाले रास्ते और कुछ जरूरी औपचारिकताएं अभी पूरी नहीं हो सकी हैं. हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्टेशन को जल्द ही संचालन के लिए खोल दिया जाएगा.

लोकार्पण की सूची से बाहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 17 जुलाई को देशभर के कई नए और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे. इस लोकार्पण में मध्‍य प्रदेश के 13 रेलवे स्‍टेशनों को शामिल किया गया है, लेकिन निशातपुरा स्टेशन इस सूची में शामिल नहीं हो सका.

इससे स्थानीय लोगों की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा है. रेलवे प्रशासन का कहना है कि जैसे ही शेष प्रक्रियाएं पूरी होंगी, स्टेशन को आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा. तब तक करोड़ों रुपये की लागत से बना यह आधुनिक स्टेशन उद्घाटन और पहली ट्रेन का इंतजार करता रहेगा.

ये भी पढे़ं- PM मोदी आज देंगे मध्य प्रदेश को 13 आधुनिक रेलवे स्टेशनों की सौगात, अमृत भारत योजना के तहत होगा लोकार्पण

Exit mobile version