Bhopal News: भोपाल में इंटर्न डॉक्टर्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. हमीदिया अस्पताल से मुख्यमंत्री आवास जा रहे डॉक्टरों और पुलिस की झड़प हो गई. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें लाठियों से पीटा गया. इसके साथ पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इस प्रोटेस्ट की वजह से वीआईपी रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.
किलोल पार्क के पास धरने पर बैठे प्रदर्शनकारी
दरअसल, प्रदेश के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक हमीदिया में तैनात इंटर्न डॉक्टर्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया. इसी मांग को लेकर सोमवार (7 सितंबर) को सीएम हाउस जा रहे डॉक्टर्स और पुलिस के बीच झड़प हो गई. डॉक्टर्स का कहना था कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं. पहले उन्होंने बातचीत के रास्ते इस मांग को सुलझाने का मांग रखी थी लेकिन कोई हल नहीं निकला. इसके बाद मार्च निकाला गया.
अस्पताल के पास भी बैरिकेडिंग
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हमीदिया अस्पताल के पास बैरिकेडिंग की थी. जिसे तोड़कर इंटर्न डॉक्टर्स आगे बढ़े. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. वहीं, रेतघाट चौराहे से होते हुए डॉक्टर किलोल पार्क तक पहुंचे. जहां पुलिस ने उन्हें फिर से रोक लिया. प्रदर्शनकारी रास्ते पर ही बैठ गए, अपनी मांग को लेकर विरोध जताने लगे.
ये भी पढ़ें: भोपाल महापौर मालती राय की कार को आग लगाने की कोशिश, नगर निगम परिसर में खड़ी थी गाड़ी
VIP रोड पर लगा लंबा जाम
प्रदर्शन की वजह से एक ओर का रास्ता जाम हो गया. इस वजह से VIP रोड पर लंबा जाम लग गया. इस बारे में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि इस सड़क जाम करना सही नहीं है. इसके बाद प्रशासन और डॉक्टर्स के बीच चर्चा हुई. इसके बाद प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने कदम पीछे ले लिए. ट्रैफिक धीरे-धीरे खोल दिया गया.
