CM Mohan Yadav Inaugurates: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार (27 नवंबर 2026) को सीहोर जिले के दौरे पर थे. उन्होंने भैरुंदा पहुंचकर सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया. इस परियोजना से 76 गांवों में सिंचाई की सुविधा मिलेगी और 30 हजार 91 हेक्टेयर खेत सिंचित हो सकेंगे. इस प्रोजेक्ट का निर्माण दो चरणों में किया गया है. इसकी लागत करीब 536 करोड़ रुपये है. पहले इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आने वाले थे. बाद में वे ऑनलाइन जुड़े.
सीएम ने सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना फेस 1 एवं 2 का लोकार्पण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया. इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री कृ्ष्णा गौर समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भैरूंदा, जिला सीहोर में आयोजित कार्यक्रम में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना फेस 1 एवं 2 का लोकार्पण सिंगल क्लिक के माध्यम से किया। ₹536.23 करोड़ लागत वाली इस परियोजना से भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा। @DrMohanYadav51 @minmpwrd #JansamparkMP
— Jansampark MP (@JansamparkMP) November 27, 2026
36 महीनों में काम हुआ पूरा
सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के फेज-1 और 2 का काम 36 महीनों में पूरा हुआ है. फेज के निर्माण में 346.12 करोड़ और फेज के लिए 190.11 करोड़ की लागत आई है. इसे रिकॉर्ड निर्धारित समय में पूरा किया गया है. इसके रखरखाव की जिम्मेदार अगले पांच साल तक निर्माण कंपनी की होगी.
नर्मदा नदी का पानी मिलेगा
इस प्रोजेक्ट से नर्मदा नदी का पानी अंडरग्राउंड प्रेशर पाइपलाइन नेटवर्क के जरिए किसानों के खेतों तक पहुंचेगा. इससे पूरे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा. इसमें नर्मदा नदी से पानी उठाया जाएगा और पंप हाउस एवं अंडरग्राउंड पाइपलाइनों के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि पानी का रिसाव और वाष्पीकरण कम हो. प्रोजेक्ट से क्षेत्र में सिंचाई के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने और किसानों को कृषि गतिविधियों के लिए अधिक कुशलता से पानी मिलने में मदद मिलने की उम्मीद है.
