MP News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार (19 सितंबर) को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित किया. इस कार्यक्रम में कॉमेडियन पुलकित ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की. इसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने इस एक्ट को शर्मनाक, निंदनीय और अशोभनीय बताया है.
सीएम मोहन यादव का क्या कहना है?
राहुल गांधी के कार्यक्रम को सीएम ने झूठ की गूंज बताया. सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का यह गैर जिम्मेदाराना रवैया बेहद शर्मनाक, निंदनीय और अशोभनीय है. हमारे देश की संस्कृति और मां के सम्मान के अपमान के साथ उन्होंने युवाओं के भविष्य को गलत दिशा में ले जाने को प्रोत्साहित किया है.
उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए जो अनुकरणीय उदाहरण पेश किया था, उसका इस तरह मजाक उड़ाना देशभर की माता का अपमान करना है. कुछ ही दिनों में हम नवरात्रि पर मां भवानी का आह्वान करेंगे और घर-घर कन्या पूजी जाएंगी. राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नेता अपनी कुत्सित मानसिकता के कारण हमेशा मातृशक्ति का अपमान करते रहे हैं. उन्हें अपने इस कृत्य के लिए संपूर्ण देश की माताओं से माफी मांगनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: Indore: ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी के 5 दावों पर उठे सवाल, सोशल मीडिया पर हुआ फैक्ट चेक!
25 हजार युवा हुए शामिल
इंदौर के रीजनल पार्क के पास स्थित IDA ग्राउंड में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस 5वें एडिशन का विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ रखा गया. इस पर कांग्रेस नेता ने 60 मिनट तक बात की. उन्होंने छात्रों, रोजगार और सिस्टम को लेकर चर्चा की. इस कार्यक्रम में 20 से 25 हजार युवा शामिल हुए. इसी प्रोग्राम में कमेडियन के द्वारा पीएम मोदी की नकल करने को लेकर विवाद हो गया.
