Bhind: फरियादी को थाने के चैंबर में गाली देना मौ थाना प्रभारी को पड़ा भारी, एसपी ने किया लाइन अटैच

Mau SHO Line Attached: मामला सामने आते ही भिंड एसपी सूरज वर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए मौ थाना प्रभारी रघुवीर मीणा को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है. वहीं, मौ थाने की जिम्मेदारी पुलिस लाइन में पदस्थ टीआई अनिल गुर्जर को सौंपी गई है.
bhind

थाना प्रभारी रघुवीर मीणा

Bhind Police Action News: मध्यप्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. सिवनी जिले में गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने वाले एएसपी का मामला अभी थमा ही नहीं था कि अब भिंड जिले के मौ थाने से पुलिस अधिकारी का फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो ने एक बार फिर थानों में फरियादियों के साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

फरियादी के साथ की गाली-गलौज

वायरल वीडियो में मौ थाना प्रभारी रघुवीर मीणा थाने के अंदर अपने चैंबर में एक फरियादी के साथ गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि फरियादी दो पक्षों के बीच हुए विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था. वह अपने मोबाइल फोन में विवाद से जुड़ा वीडियो भी थाना प्रभारी को दिखा रहा था. इसी दौरान थाना प्रभारी ने वीडियो के आधार पर फरियादी को ही उसकी गलती बताते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी.

▶ Vistaar News YouTube

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

थाने के भीतर पुलिस अधिकारी द्वारा फरियादी के साथ किए गए इस व्यवहार का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई. मामला सामने आते ही भिंड एसपी सूरज वर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए मौ थाना प्रभारी रघुवीर मीणा को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है. वहीं, मौ थाने की जिम्मेदारी पुलिस लाइन में पदस्थ टीआई अनिल गुर्जर को सौंपी गई है.

पुलिस के व्यवहार पर सवाल

इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर पुलिस के व्यवहार और थाने पहुंचने वाले फरियादियों के साथ किए जाने वाले बर्ताव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. आम जनता का कहना है कि थाने में न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद निंदनीय है. पुलिस का काम फरियादियों की मदद करना है, न कि उन्हें डराना या अपमानित करना.

वहीं, पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है. लोगों को उम्मीद है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में कोई भी पुलिस अधिकारी फरियादी के साथ इस तरह का व्यवहार करने की हिम्मत न कर सके.

ज़रूर पढ़ें