Vistaar NEWS

CM मोहन यादव के OSD चंद्रशेखर वालिंबे 30 नवंबर को होंगे रिटायर, सबसे लंबे समय तक पद पर रहे

CM Mohan Yadav OSD Chandrashekhar Walimbe will retire on November 30

मुख्यमंत्री के ओएसडी चंद्रशेखर वालिंबे और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल

MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सचिवालय में लंबे समय तक स्पेशल ऑफिसर ऑन ड्यूटी (ओएसडी) की जिम्मेदारी संभालने वाले आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर वालिंबे 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद वर्ष 2024 में उनकी नियुक्ति ओएसडी के तौर पर हुई थी. इसके बाद से लगातार वह मुख्यमंत्री सचिवालय में इस जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं. मुख्यमंत्री सचिवालय में इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सलाहकार स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारियों की पदस्थापना हुई, लेकिन ओएसडी के रूप में सबसे लंबे समय तक लगातार काम करने वाले अधिकारी के तौर पर वालिंबे का कार्यकाल खास रहा है.

हालांकि, मध्य प्रदेश की नौकरशाही में रिटायरमेंट का बड़ा दौर अभी बाकी है. वर्ष 2027 में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल से लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के 20 से ज्यादा आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे. इसके बाद वर्ष 2028 में भी कई वरिष्ठ अधिकारियों का कार्यकाल पूरा होगा. लगातार दो साल तक होने वाली इन सेवानिवृत्तियों से मंत्रालय और प्रशासनिक विभागों में बड़े बदलाव की संभावना है.

मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल होंगे रिटायर

साल 2027 की शुरुआत मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल की सेवानिवृत्ति से होगी. जनवरी में उनका कार्यकाल पूरा हो रहा है. मुख्य सचिव के पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसलों में से एक होगी. इसके बाद मई 2027 में प्रशासन अकादमी के संचालक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजेश राजौरा सेवानिवृत्त होंगे. मई में ही बीएस जामोद, दिलीप कुमार और आलोक कुमार सिंह का भी रिटायरमेंट प्रस्तावित है.

अगस्त 2027 में अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता सेवानिवृत्त होंगे. सितंबर में अतिरिक्त मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव के साथ अनिल सुचारी और अनुभव श्रीवास्तव का भी रिटायरमेंट होगा. जून में वंदना वैद्य सेवानिवृत्त होंगी. वहीं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ सचिव वीएल कांताराव दिसंबर 2027 में रिटायर होंगे.

कौन-कौन रिटायर होगा?

इन अधिकारियों का भी पूरा होगा कार्यकाल

साल 2027 में प्रबल सिपाहा, सत्येंद्र सिंह, मनीष सिंह, छोटे सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, सपना निगम, दीपक सक्सेना, बसंत कुर्रे और शैलेंद्र सिंह का भी रिटायरमेंट प्रस्तावित है. इन अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने से अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपने की जरूरत पड़ेगी. वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति और महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियों के अवसर भी बनेंगे.

2028 में भी कई वरिष्ठ अधिकारी होंगे रिटायर

साल 2028 में भी मध्यप्रदेश की नौकरशाही में बदलाव का सिलसिला जारी रहेगा. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ नीलम शमी राव के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे, नीरज मंडलोई, अनुपम राजन, अनिरुद्ध मुखर्जी और शिव शेखर शुक्ला सेवानिवृत्त होंगे. प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह का भी इसी साल रिटायरमेंट प्रस्तावित है. वहीं मनोज खत्री दिसंबर 2028 में सेवानिवृत्त होंगे.

2028 में रिटायर होने वाले वरिष्ठ अधिकारी

नीलम शमी राव, संजय दुबे, नीरज मंडलोई, अनुपम राजन, अनिरुद्ध मुखर्जी, शिव शेखर शुक्ला, राघवेंद्र सिंह और मनोज खत्री साल 2028 में रिटायर होंगे.

बदलेंगे मंत्रालय के प्रशासनिक समीकरण

लगातार दो साल तक वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के रिटायरमेंट से मंत्रालय के कई महत्वपूर्ण पद खाली होंगे. मुख्य सचिव से लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर तक नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों का रास्ता खुलेगा. मुख्यमंत्री सचिवालय में भी चंद्रशेखर वालिंबे की विदाई के बाद ओएसडी की जिम्मेदारी को लेकर नई नियुक्ति महत्वपूर्ण होगी. ऐसे में सरकार के सामने अनुभवी अधिकारियों और नई पीढ़ी के अफसरों के बीच प्रशासनिक संतुलन बनाने की चुनौती रहेगी.

Exit mobile version