CM Mohan Yadav Speaks On UCC: मध्य प्रदेश विधानसभा से समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) विधेयक मंगलवार (21 जुलाई) को पास हो गया. इस तरह एमपी देश का चौथा राज्य बन गया, जहां यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने वाला है. एक ओर कांग्रेस ने इस बिल को प्रवर समिति के पास भेजने के लिए मांग की और विरोध जताया. जहां इसे राज्य सरकार ने इसे खारिज कर दिया. अब इसे राज्यपाल मंगुभाई पटेल के पास भेजा जाएगा. उनके साइन करने के साथ ही ये पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विस्तार न्यूज़ के ग्रुप एडिटर ब्रजेश राजपूत से बात करते हुए इस पर खुशी जताई है और कहा कि आधी आबादी इससे प्रभावित होगी.
‘रिकॉर्ड समय में कानून तैयार किया’
CM मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह हमेशा स्पष्ट मार्गदर्शन भी रहता है और उनका रिकॉर्ड भी है कि कोई चीज को करना हो तो समय सीमा के अंदर करना चाहिए. हमारी उस काम के प्रति लगन दिखाई देना चाहिए. मुझे संतोष है कि हमने 27 अप्रैल को समिति बनाई. 20 जुलाई के दिन कानून बनाया. इसके साथ ही हम 3.5 से 4 करोड़ लोगों तक पहुंचे. 10 लाख से ज्यादा सुझावों का संकलन किया. 55 जिलों में इस विषय को पहुंचा करके रिकॉर्ड समय में कानून बनाया.
‘नारी स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करेगा’
महिलाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी जिससे प्रभावित होगी, यह ऐसा कानून है. जिसके आधार पर भविष्य का मध्य प्रदेश देश के साथ कदम से कदम मिला के चलेगा जो समता समानता और खास करके नारी स्वतंत्रता के अधिकारों की रक्षा करेगा.
‘मुस्लिम बहनों को अधिकार दिलाएंगे’
यूसीसी में मुस्लिम समाज को लेकर उठ रहे प्रश्न को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि मुस्लिम बहनें जानती है कि उनकी जिंदगी कितनी इससे प्रभावित हो रही है. उनको सबसे ज्यादा फायदा है. इस कानून का सबसे ज्यादा अगर फायदा है तो मुस्लिम समाज को और मुस्लिम समाज में भी मुस्लिम बहनों को जो उनके अधिकारों पर डाका डलता था. हम उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और उस आधार पर उनको अधिकार दिलाएंगे.
उन्होंने आगे कहा कि मैंने इसलिए कहा कि आखिरकार बहन, बहन होती है. मुस्लिम बहन भी हमारी बहन है. उसका विवाह हो जाए. हमारी घर से कोई बेटी अगर घर से जाती है एक बच्चा दो बच्चा हो जाए. इसके बाद में दो साल बाद उसको कह दे कि जाओ घर जाओ तलाक तो ये तो अन्याय है. वो कहां जाएगी बेचारी उसकी जिंदगी तो नर्क हो जाएगी.
‘नारी सशक्तिकरण पर 100 फीसदी बड़ा फैसला’
महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नारी सशक्तिकरण को लेकर 100 फीसदी बड़ा फैसला है. केवल शादी का नहीं बाद में उत्तराधिकार के अधिकार, परित्यकता अधिकार बाद में ना नारी के नाते से उसको जो कठिनाई आती है, उन सब में उसकी गारंटी है.
ये भी पढ़ें: MP Monsoon Session: UCC बिल विधानसभा में पारित, CM ने लगाए जय श्रीराम के नारे; कहा- मुस्लिम तुष्टिकरण बंद करो
‘आधी आबादी इससे प्रभावित होगी’
इस कानून के बारे में सीएम ने कहा कि इस कानून के पास होने के साथ ही होली-दिवाली और ईद सारे त्योहार एक साथ मनाने वाला दिन था. ये ऐतिहासिक दिन है. आजादी के बाद का यह पहला सबसे बड़ा कानून बनेगा जो हमारी आधी आबादी को प्रभावित करेगा.
‘कांग्रेस हमेशा हिंदू-मुस्लिम के चश्मे से देखती है’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस हमेशा हिंदू मुस्लिम के चश्मे से देखती है. उनको लगता है मुस्लिम वोट बैंक में इसके कारण से उनको अपना लाभ दिखता है तो कांग्रेस हमेशा मुस्लिम बहनों के लिए वह उल्टा चलती है. अभी बीते दिन समय नारी अधिनियम के समय देखा होगा. शाह बानो प्रकरण में देखा होगा. कांग्रेस बार-बार मुस्लिम बहनों के साथ मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्याय करती है.
