Bhopal Congress Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने मंगलवार (1 सिंतबर 2026) को बीजेपी और RSS का पुतला दहन किया. पार्टी नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया. ये ना केवल उनका बल्कि पूरे देश के दलितों का अपमान है.
बीजेपी दफ्तर के पास जलाया पुतला
कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विरोध जताते हुए पैदल मार्च निकाला. हाथों में BJP-RSS वाला पुतला लेकर बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय के लिए जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच में रोक लिया. इसके बाद वर्कर्स ने ऑफिस से थोड़ी दूरी पर ही पुतला जला दिया. ‘सिर्फ खड़गे जी के लिए नहीं, हर दलित के लिए लड़ाई जारी रहेगी’, ‘शुद्धिकरण करवाने वाले कौन?’ और ‘शुद्धिकरण या छुआछूत’ जैसे पोस्टर लेकर नारे लगाए गए.
‘देश के हर दलित का अपमान है’
पुतला दहन के बारे में कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस तरह हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच का शुद्धिकरण किया गया. हम बताना चाहते हैं कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर दिखता है. बीजेपी दलित विरोधी है. ये मात्र कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं है, ये देश के हर दलित का अपमान है.
शुद्धिकरण का क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुछ दिनों पहले कांग्रेस के सीनियर नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुद्धिकरण का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में एक रैली को संबोधित किया था. इसके बाद 10 अगस्त 2026 को बीजेपी और RSS के लोगों ने मंच का शुद्धिकरण किया था.
ये भी पढ़ें: कर्नल सोफिया मामले में मंत्री विजय शाह को बड़ी राहत, राज्यपाल ने केस न चलाने के कैबिनेट के प्रस्ताव पर लगाई मुहर
मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन
रीवा में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिला. बीजेपी और आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध जताया. वहीं, देवास में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ FIR और खड़गे के अपमान का विरोध जताते हुए सिटी कोतवाली तक मार्च किया. इसके साथ ही ज्ञापन सौंपा. इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने बड़वानी, सीधी समेत दूसरे जिलों में प्रदर्शन किया.
