MP Weather Today: मध्य प्रदेश में फिलहाल तेज बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्के बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. रविवार के लिए इंदौर समेत 27 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन सहित कई शहरों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.
27 जिलों में बारिश की संभावना
रविवार को जिन जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, उनमें भिंड, दतिया, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खरगोन, धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर शामिल हैं.
इन जिलों में बढ़ेगी गर्मी
पिछले तीन दिनों से प्रदेश में कहीं भी तेज बारिश दर्ज नहीं की गई है. बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है. शनिवार को राजधानी भोपाल में बीच-बीच में बादल जरूर नजर आए, लेकिन तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया.
मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, जबलपुर, कटनी, उमरिया, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और नीमच में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा.
बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से अधिक
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो जून में लगातार आंधी और बारिश का दौर रहने के बावजूद प्रदेश में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई थी. हालांकि जुलाई के शुरुआती दिनों में हुई अच्छी बारिश ने इस कमी की भरपाई कर दी और कुछ समय के लिए सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई.
अब पिछले तीन दिनों से बारिश कम होने के कारण यह बढ़त घटकर 8 प्रतिशत रह गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अब तक प्रदेश में औसतन 9.4 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि तक सामान्य रूप से 8.7 इंच वर्षा होनी चाहिए थी. इस आधार पर प्रदेश में अब तक सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Today: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, अगले 3 दिन प्रदेश में हल्की बारिश का दौर, जानिए मौसम का पूरा अपडेट
