CM Mohan Yadav Action: ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसे में सीएम मोहन यादव ने सख्त एक्शन लिया है. लापरवाही बरतने के मामले में सीएसपी को तत्काल हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं. तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक को निलंबित कर दिया गया है.
कठोर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं. जांच में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है. सीएम मोहन यादव ने कहा राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होगी. जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ट्रक ड्राइवर और मालिक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर दिलबाग सिंह और मालिक मोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. ट्रक चालक पर आरोप है कि उसने बिना अनुमति चेक पोस्ट को पार किया और बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया. ढलान से नीचे आकर ट्रक ने दीवार को टक्कर मार दी, जिससे दीवार ढह गई. इससे वहां मौजूद लोग घायल हो गए. वहीं, 15 लोगों की मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: ‘बच्चे की जान चली गई, अधिकारी बोल रहे पेपर्स साइन कर दो…’, ग्वालियर हादसे पर पीड़ित परिजनों का आरोप
PM-CM ने हादसे पर जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर दुख जताया है. पीएम और सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजा और घायलों के इलाज के सहायता राशि का ऐलान किया है.
