Vistaar NEWS

2027 में MP की प्रशासनिक व्यवस्था में होगा बड़ा फेरबदल, मुख्य सचिव बर्णवाल समेत 25 वरिष्ठ IPS होंगे रिटायर

Vallabh Bhavan, Bhopal

वल्लभ भवन भोपाल

MP News: मध्य प्रदेश की नौकरशाही के लिए साल 2027 बेहद अहम रहने वाला है. नए साल में प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े बदलाव की जमीन तैयार होगी. मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल से लेकर अपर मुख्य सचिव और सचिव स्तर के करीब 25 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे. इनके रिटायरमेंट से मंत्रालय से लेकर विभागों और मैदानी प्रशासन तक में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने का रास्ता खुलेगा, तो दूसरी ओर लंबे समय से महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे अफसरों के अरमान अधूरे भी रह सकते हैं.

सबसे बड़ा बदलाव मुख्य सचिव के पद पर संभावित है. वर्तमान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. यदि केंद्र सरकार उन्हें सेवा विस्तार नहीं देती है, तो प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिलेगा. इस पद के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के बीच दावेदारी और प्रशासनिक समीकरण महत्वपूर्ण होंगे.

मुख्य सचिव पद की दौड़ में प्रदेश कैडर के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में शामिल डॉ. राजेश राजौरा का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है. राजौरा मई 2027 में रिटायर होंगे. वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव रहने के साथ ही फिलहाल प्रशासन अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं. ऐसे में बर्णवाल के रिटायरमेंट के बाद मुख्य सचिव पद पर उनकी नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो सकती हैं. हालांकि, अंतिम फैसला राज्य सरकार के स्तर पर होगा.

अपर मुख्य सचिव स्तर के पांच अधिकारी होंगे रिटायर

2027 में सिर्फ मुख्य सचिव और राजेश राजौरा का रिटायरमेंट ही प्रशासनिक बदलाव की वजह नहीं बनेगा, बल्कि अपर मुख्य सचिव स्तर के पांच वरिष्ठ अधिकारी भी सेवानिवृत्त होंगे. इनके अलावा सचिव और अपर सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों का कार्यकाल भी अगले साल पूरा हो जाएगा. इस तरह कुल 25 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने से प्रशासनिक ढांचे में बड़े पैमाने पर पद खाली होंगे.

रिटायर होने वाले अधिकारियों में मनु श्रीवास्तव का नाम भी शामिल है. वहीं, सचिव स्तर के अधिकारियों में जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव रह चुके आलोक कुमार सिंह, बीएस जामोद, अनिल सुचारी, दीपक सिंह और दिलीप कुमार के नाम शामिल हैं. इनमें कई अधिकारी विभागीय और संभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं.

सितंबर में सबसे ज्यादा पांच अफसर होंगे सेवानिवृत्त

रिटायरमेंट का सिलसिला पूरे साल जारी रहेगा. महीनेवार आंकड़ों पर नजर डालें, तो सितंबर 2027 में सबसे ज्यादा पांच आईएएस अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे. जनवरी, अप्रैल, मई और दिसंबर में तीन-तीन अधिकारियों का रिटायरमेंट प्रस्तावित है. फरवरी, अगस्त और नवंबर में दो-दो अधिकारी सेवानिवृत्त होंगे, जबकि मार्च और जून में एक-एक अधिकारी का कार्यकाल पूरा होगा.

राज्य प्रशासनिक सेवा में भी खाली होंगे पद

आईएएस अधिकारियों के अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्तर पर भी अगले साल बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. राज्य प्रशासनिक सेवा और अपर कलेक्टर स्तर के करीब 32 अधिकारी 2027 में सेवानिवृत्त होंगे. इनके साथ कुछ डिप्टी कलेक्टर भी रिटायर होंगे. इससे जिलों में अपर कलेक्टर, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक पदों पर नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण की संभावना बनेगी.

कुल मिलाकर, 2027 मध्य प्रदेश की नौकरशाही के लिए बदलावों का साल साबित हो सकता है. मुख्य सचिव की नियुक्ति से लेकर मंत्रालय के महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों तक नए समीकरण बनेंगे. वरिष्ठ अधिकारियों की सेवानिवृत्ति से खाली होने वाले पदों पर किसे मौका मिलता है, यह भी प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय रहेगा.

Exit mobile version