Bhopal News: रिटायर्ड IAS एपी श्रीवास्तव के बैंक लॉकर से लाखों के गहने गायब, पुलिस ने दर्ज किया केस
रिटायर्ड IAS एपी श्रीवास्तव
Bhopal News: राजधानी भोपाल में बैंक लॉकर की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. मध्य प्रदेश रेरा के पूर्व चेयरमैन और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी एपी श्रीवास्तव के परिवार के बैंक लॉकर से लाखों रुपये के कीमती गहने गायब होने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह है कि परिवार को गहने गायब होने की जानकारी तब मिली, जब एपी श्रीवास्तव अपनी बेटी को परिवार के आभूषण दिखाने बैंक पहुंचे थे. बैंक अधिकारियों की मदद से लॉकर खुलवाया गया तो अंदर रखे गहने गायब मिले. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फॉरेंसिक टीम भी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.
लॉकर में रखे थे लाखों के सोने-चांदी के गहने
जानकारी के अनुसार, भोपाल के आईआईएफएम परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में लॉकर नंबर 502 संचालित था. यह लॉकर एपी श्रीवास्तव की बेटियों सुरभि और श्रुति के नाम से खुलवाया गया था. परिवार ने इसमें लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण सुरक्षित रखे थे. बताया जा रहा है कि एपी श्रीवास्तव की बेटी सुरभि दुबई से भोपाल आई हुई थीं. परिवार के गहने दिखाने के लिए एपी श्रीवास्तव 12 नवंबर को बेटी के साथ बैंक पहुंचे.
लॉकर खोला तो अंदर का नजारा देख उड़ गए होश
बैंक पहुंचने के बाद जब लॉकर खोलने की कोशिश की गई तो चाबी में परेशानी आने लगी. इसके बाद बैंक अधिकारियों की मदद ली गई. बैंक की प्रक्रिया के तहत लॉकर खुलवाया गया, लेकिन अंदर का नजारा देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए. लॉकर पूरी तरह खाली था. उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे. इसके बाद तत्काल मामले की शिकायत की गई और पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने बैंक लॉकर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर लॉकर में रखे लाखों के गहने कब और कैसे गायब हुए? लॉकर को आखिरी बार कब खोला गया था? क्या लॉकर संचालन की निर्धारित प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी हुई या फिर किसी ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाई? पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है.
भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इस मामले की मौखिक रूप से एपी श्रीवास्तव ने शिकायत की थी. जिसके बाद पुलिस बैंक के अंदर गई दस्तावेज भी चेक किए गए हैं. पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज अभी देखना है. अभी इस मामले में किसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया है. जांच के बाद चोरी का प्रकरण दर्ज किया जाएगा.
फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
मामले में फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली जा रही है. बैंक के रिकॉर्ड, लॉकर संचालन से संबंधित दस्तावेज और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि लॉकर तक किन लोगों की पहुंच थी और आखिरी बार उसे कब संचालित किया गया था.
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के परिवार से जुड़ा मामला होने के कारण यह घटना चर्चा में है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बैंक के सुरक्षित लॉकर से लाखों के गहने गायब होने के पीछे क्या वजह है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.



