Vistaar NEWS

26 अक्टूबर को होगा मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन, मंत्री सारंग ने रावतपुरा सरकार के साथ लाल परेड मैदान का किया निरीक्षण

Saint Rawatpura Sarkar and Minister Vishwas Sarang arrived at the Khedapati Hanuman Temple to offer prayers.

खेड़ापति हनुमान मंदिर पर दर्शन करने पहुंचे संत रावतपुरा सरकार और मंत्री विश्वास सारंग

Bhopal News: खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने परमपूज्य संत रावतपुरा सरकार महाराज के साथ छोला स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और छोला दशहरा मैदान का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. इसके साथ ही मंत्री सारंग ने संत रावतपुरा सरकार महाराज के साथ लाल परेड मैदान पहुंचकर 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले अर्चन कार्यक्रम की तैयारियों का भी निरीक्षण किया.

26 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन

मंत्री सारंग ने बताया कि परमपूज्य संत रावतपुरा सरकार महाराज के सानिध्य में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 26 अक्टूबर को शाम 7 बजे लाल परेड मैदान में मां राजराजेश्वरी का कुमकुम अर्चन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

मंत्री सारंग ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं देना होगा. अर्चन एवं पूजन के लिए आवश्यक समस्त सामग्री भी आयोजनकर्ताओं द्वारा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी.

मंत्री सारंग ने बताया कि श्रद्धालुओं को केवल कार्यक्रम में शामिल होना है. आयोजन में सहभागिता के लिए प्रवेश और पूजन सामग्री की व्यवस्था निःशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु मां राजराजेश्वरी के कुमकुम अर्चन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें.

प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर मंत्री सारंग एवं संत रावतपुरा सरकार महाराज ने लाल परेड मैदान का निरीक्षण किया. इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा की गई, ताकि आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके.

100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर

छोला स्थित खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर का निर्माण लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ विकसित किया जा रहा है. इसके पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन व्यवस्था के साथ बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर के अंतर्गत भव्य कॉरिडोर, सुगम आवागमन एवं दर्शन व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आवश्यक अधोसंरचना, पार्किंग सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.

विरासत भी और विकास भी की भावना के साथ निर्माण

खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर का विकास धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार की भावना के अनुरूप किया जा रहा है. इसका उद्देश्य मंदिर की धार्मिक महत्ता को बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को व्यवस्थित, सुगम और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

ये भी पढे़ं- ‘आशिक का जनाजा है हम तो…’, दिग्विजय सिंह की सनातन यात्रा पर BJP विधायक का तंज

Exit mobile version