MP Weather Today: मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने के संकेत हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 11 से 13 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी. फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि 14 जुलाई से नया मौसम सिस्टम असर दिखा सकता है, जिससे कुछ जिलों में फिर तेज बारिश होने की संभावना है.
आज सभी जिलों में बारिश के आसार
शनिवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर समेत प्रदेश के सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है. कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा सिस्टम कमजोर पड़ रहा है, इसलिए अगले तीन दिन हल्की बारिश का दौर बना रहेगा.
अगले सप्ताह बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पाकिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके प्रभाव से अगले सप्ताह मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 14 जुलाई के बाद कुछ जिलों में फिर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
फसलों को मिलेगी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि तेज बारिश में आई कमी खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी. पिछले कुछ दिनों की लगातार बारिश से कई जिलों के खेतों में पानी भर गया था, जिससे फसलों में सड़न का खतरा बढ़ने लगा था. अब हल्की बारिश रहने से जलभराव कम होगा और फसलों को राहत मिलेगी.
बारिश का आंकड़ा सामान्य से अधिक
प्रदेश में अब तक करीब 240 मिमी यानी 9.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत 222.1 मिमी से लगभग 8 प्रतिशत अधिक है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, जबकि पूर्वी हिस्से में 8 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है.
देवास सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है, जहां करीब 18 इंच पानी बरस चुका है. हरदा में 15 इंच, इंदौर और सीहोर में 14 इंच तथा भोपाल में 13.1 इंच बारिश दर्ज की गई है. दूसरी ओर आलीराजपुर में अब तक सबसे कम करीब सवा दो इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Today: एमपी में मानसून मेहरबान! 32 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश, जानें मौसम का अपडेट
