भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस में दिसंबर महीने में बड़े स्तर पर पदोन्नति की तैयारी है. प्रदेश के करीब 40 आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन का लाभ मिलने जा रहा है. इसके लिए अगले महीने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित होगी. इसमें स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी के पदों पर पदोन्नति के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा. इस प्रक्रिया में एक अधिकारी स्पेशल डीजी, एक एडीजी, करीब 20 अधिकारी आईजी और 18 अधिकारी डीआईजी के पद पर पदोन्नत होंगे. पदोन्नति एक जनवरी से प्रभावी होने की संभावना है.
आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन के साथ ही प्रदेश पुलिस के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव होगा. वरिष्ठ पदों पर अधिकारियों की पदोन्नति के बाद नई पदस्थापनाएं की जाएंगी. इसका असर जिलों में भी दिखाई देगा. कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बदला जा सकता है. ऐसे में दिसंबर में होने वाली डीपीसी को पुलिस महकमे के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
मीनाक्षी शर्मा बनेंगी स्पेशल डीजी
स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नति के लिए एडीजी मीनाक्षी शर्मा का नाम प्रमुख है. डीजीपी कैलाश मकवाना के रिटायरमेंट के बाद उन्हें स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नति मिल सकती है. फिलहाल मीनाक्षी शर्मा दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में पदस्थ हैं. उनके प्रमोशन के साथ ही वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अधिकारियों के डीजी बनने का रास्ता भी खुल जाएगा. यानी आने वाले समय में प्रदेश पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में भी नए अधिकारियों की एंट्री शुरू होगी.
अभय सिंह बनेंगे एडीजी
वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी अभय सिंह को भी पदोन्नति का लाभ मिलेगा. वे एक जनवरी को एडीजी के पद पर पदोन्नत होंगे. वर्तमान में वे आईजी योजना के पद पर पदस्थ हैं. अभय सिंह भोपाल और सागर सहित प्रदेश के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. इसके अलावा वे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में प्रतिनियुक्ति पर भी रह चुके हैं. भोपाल ग्रामीण और इंटेलिजेंस में भी आईजी के रूप में काम कर चुके हैं.
2009 बैच के 20 अधिकारी बनेंगे आईजी
आईजी के पद पर पदोन्नति के लिए वर्ष 2009 बैच के करीब 20 अधिकारियों के नाम शामिल हैं. इनमें डीआईजी इंटेलिजेंस तरुण नायक, डीआईजी उज्जैन नवनीत भसीन, अमित सिंह, संतोष सिंह गौर, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार पांडे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मोनिका शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार जैन, अवधेश कुमार गोस्वामी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, साकेत प्रकाश पांडे, अमित सांघी, तुषारकांत विद्यार्थी, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह और मनोज कुमार अग्रवाल के नाम शामिल हैं. इन अधिकारियों ने आईपीएस सेवा के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं. डीपीसी की मंजूरी के बाद इन्हें एक जनवरी से आईजी के पद पर पदोन्नति मिल सकती है.
2012-13 बैच के अधिकारी बनेंगे डीआईजी
डीआईजी के पद पर पदोन्नति के लिए वर्ष 2012 और 2013 बैच के अधिकारियों के नाम भी प्रस्तावित हैं. इनमें सिद्धार्थ चौधरी, यशपाल सिंह राजपूत, धर्मवीर सिंह, अरविंद तिवारी, प्रमोद कुमार सिन्हा, विजय कुमार भगवानी, राजीव कुमार मिश्रा, नवनीत भसीन, रश्मि ठाकुर, जगदीश डाबर, संतोष कोरी और मनोहर सिंह मंडलोई शामिल हैं. इसके अलावा 2013 बैच के पांच अधिकारियों को भी डीआईजी बनाया जाएगा.
हालांकि वैष्णव शर्मा की पदोन्नति एक जांच के कारण अटक सकती है. वहीं प्रियंका मिश्रा और वीरेंद्र कुमार मिश्रा प्रतिनियुक्ति पर हैं. इन अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर अलग से स्थिति स्पष्ट होगी.
प्रमोशन के बाद बदलेगी जिलों की कमान
इस पूरी पदोन्नति प्रक्रिया में 14 और 15 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अधिकारियों को डीआईजी बनने का अवसर मिलेगा, जबकि 18 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अधिकारी आईजी बनेंगे. 24 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अधिकारी को एडीजी के पद पर पदोन्नति मिलेगी. डीपीसी के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर मैदानी पदस्थापनाओं तक बदलाव संभावित हैं.
खास तौर पर जिन अधिकारियों को वरिष्ठ पदों पर जिम्मेदारी मिलेगी, उनके वर्तमान पद खाली होंगे. ऐसे में नए अधिकारियों की तैनाती के साथ कई जिलों में एसपी भी बदले जा सकते हैं. दिसंबर की डीपीसी के बाद मध्यप्रदेश पुलिस में नए साल की शुरुआत बड़े प्रशासनिक फेरबदल के साथ होने के आसार हैं.
