Rain Alert For MP Districts: मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में कुछ दिनों की देरी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 17 से 18 जून के बीच प्रदेश के दक्षिणी जिलों में प्रवेश कर सकता है. इसके बाद अगले 10 से 15 दिनों में इसके पूरे राज्य में फैलने की उम्मीद है. तब तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी और कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा.
ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शुक्रवार को मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना है. इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, मंदसौर, शाजापुर, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, सिवनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. आंधी की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है.
इन जिलों में गर्मी का असर रहेगा
दूसरी ओर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों के लिए फिलहाल आंधी या बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. ऐसे में इन क्षेत्रों में गर्मी का असर बरकरार रह सकता है.
खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे
प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी खजुराहो और नौगांव में रही, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दमोह, सतना, रीवा, दतिया, टीकमगढ़, मंडला, उमरिया, छिंदवाड़ा, रायसेन, राजगढ़, गुना, खंडवा और सागर समेत कई जिलों में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया.
तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, एक दिन की रुकावट के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 11 जून को कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़त बनाई है. यदि मौसम संबंधी परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं तो मानसून की रफ्तार बढ़ सकती है और यह 17 या 18 जून तक मध्य प्रदेश पहुंच सकता है.
सक्रिय सिस्टम बदल रहे हैं मौसम का मिजाज
फिलहाल प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है. इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में एक चक्रवाती परिसंचरण और एक अन्य ट्रफ सक्रिय है. इन्हीं मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना हुआ है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Today: एमपी में प्री-मानसून एक्टिव! IMD ने 34 जिलों में जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट
