Vistaar NEWS

Bus Ticket Booking App: MP में भी रेलवे की तरह मोबाइल से बुक होगी बस टिकट, सरकार जल्द लॉन्च करेगी नया ऐप

Bus Ticket Booking App

मोबाल से बस टिकट होगा बुक

Fast Seat Reservation App; मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. प्रदेश में अब ट्रेन की तरह मोबाइल ऐप के जरिए बस की टिकट बुक करने की सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है. मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमटेड द्वारा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत आधुनिक मोबाइल ऐप तैयार कराया जा रहा है. इससे यात्रियों को घर बैठे बस टिकट बुक करने की सुविधा मिल सकेगी.

ऐप से बुक कर सकेंगे बस टिकट

प्रदेश परिवहन विभाग के अनुसार, इस सुविधा की शुरुआत सबसे पहले भोपाल और इंदौर के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) से की जाएगी. यह ऐप IRCTC की तरह काम करेगा. यात्री मोबाइल से बस का रूट, बोर्डिंग पॉइंट और गंतव्य चुनकर टिकट बुक कर सकेंगे. हालांकि, अभी तक ऐप के ऑफिशियल नाम और लॉन्चिंग की डेट का ऐलान नहीं की गई है.

बसों में GPS और कैमरे रखना होगा चालू

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत बसों की निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए बसों में GPS सिस्टम और कैमरे चालू रखना जरूरी होगा. GPS से बसों की लोकेशन का पता लगाने में मदद मिलेगी, जबकि कैमरों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा सकेगी.

टिकट नहीं देने पर कंडक्टर पर होगी कार्रवाई

भोपाल समेत प्रदेश के कई बड़े शहरों में सुगम परिवहन सेवा के तहत बसों का संचालन किया जा रहा है. कई बार शिकायतें मिलती हैं कि कंडक्टर यात्रियों से किराया लेने के बावजूद टिकट नहीं देते. इसे रोकने के लिए निर्देश दिए गए हैं कि किराया लेने के बाद यात्रियों को टिकट देना अनिवार्य होगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले कंडक्टर पर जुर्माना लगाने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है.

ये भी पढ़ें-21 साल बाद MP की सड़कों पर दौड़ेगी सरकारी बसें, नितिन गडकरी और CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी

बिना टिकट सफर करने पर यात्रियों पर भी कार्रवाई

परिवहन विभाग ने यात्रियों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी है. यदि कोई यात्री बिना टिकट बस में सफर करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है. इसलिए यात्रियों को किराया देने के बाद टिकट जरूर लेना चाहिए. नई व्यवस्था का उद्देश्य टिकट प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना और यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है.

यात्रियों के लिए जरूरी चेतावनी

यात्रियों को सलह दी जाती है कि जब तक परिवहन विभाग या कोई सरकारी एजेंसी खुद ऐप का नाम और लिंक जारी नहीं करती, तब तक किसी भी अनजान या नकली ऐप से बस टिकट बुक न करें.

Exit mobile version