MP Weather Today: मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून का सिस्टम मजबूत है. जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. सतना में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े हैं. चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. मंगलवार को रामघाट की करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल पानी में डूब गए. बारिश को देखते हुए सतना में 2 और 3 सितंबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.
सात जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सतना और चित्रकूट में अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में अति भारी बारिश का अलर्ट है. यहां 24 घंटे में 4 इंच से ज्यादा पानी गिर सकता है. विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भी भारी बारिश की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है. दक्षिणी हिस्से से ट्रफ गुजर रही है और ऊपरी स्तर पर मानसून ट्रफ भी सक्रिय है. इसके चलते प्रदेश में बारिश का दौर जारी है. 2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज बारिश होगी. 3 सितंबर को सिस्टम आगे बढ़ेगा और भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, रीवा और जबलपुर संभाग को प्रभावित करेगा.
4-5 सितंबर को पश्चिमी हिस्से में असर
4 और 5 सितंबर को बारिश का प्रभाव पश्चिमी मध्य प्रदेश में अधिक रहने की संभावना है. भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में तेज बारिश हो सकती है. लगातार बारिश के कारण इन क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की भी आशंका है.
डैमों में 70 प्रतिशत तक पानी
लगातार बारिश से प्रदेश के जलाशयों में पानी की स्थिति बेहतर हुई है. अधिकांश डैम में 70 प्रतिशत तक पानी पहुंच गया है. भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट हो गया है और फुल टैंक लेवल से सिर्फ 0.30 फीट नीचे है. जलस्तर बढ़ने पर भदभदा डैम के गेट खोले जा सकते हैं.
प्रदेश में अब तक 27.8 इंच बारिश
मध्य प्रदेश में अब तक 707.1 मिमी यानी 27.8 इंच बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 3.1 इंच कम है. कुल बारिश में करीब 11 प्रतिशत की कमी है. हालांकि अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भोपाल, गुना, ग्वालियर समेत 15 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है.
ये भी पढे़ं- MP Weather Today: फुल होने वाला है भोपाल का बड़ा तालाब! अगले 4 दिन मूसलाधार बारिश, रीवा-सतना में अलर्ट
