UPI Payment Limit Announced: मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने बड़ा फैसला लिया है. प्रदेश के सभी पेट्रोल पंप पर 2,000 रुपए से अधिक के बिल पर UPI से पैसे नहीं लेने की बात कही है. पेट्रोल पंप डीलर्स का कहना है कि सरकार की इस व्यवस्था से संचालन खर्चों पर बोझ बढ़ जाएगा. इसलिए 2,000 रुपये से अधिक के ईंधन बिल पर पेट्रोल पंप डीलर्स UPI भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे.
मध्य प्रदेश पेट्रोल पम्प डीलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालक 16 अक्टूबर से बड़े पेमेंट कैश में लेंगे. ऑनलाइन पेमेंट्स केवल 2000 तक ही लिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार की इस व्यवस्था से करीब 17,400 रुपए का प्रत्येक पेट्रोल पंप पर अतिरिक्त बोझ बढ़ जाएगा. प्रदेश में करीब 47,00 पेट्रोल पंप हैं. यानी सभी का खर्च जोड़ा जाए, तो करोड़ों रुपए महीना पहुंच जाएगा.
2,000 से ज्यादा सिर्फ कैश लिए जाएंगे
मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने साफ कहा कि अब 2,000 रुपए से ज्यादा UPI से पेमेंट नहीं लिया जाएगा. क्योंकि यूपीआई से पेमेंट लेने पर हमें एक्सट्रा चार्ज देना होगा. अध्यक्ष ने कहा कि पहले से हमें कम मार्जिन मिलता है. अब यह चार्ज जुड़ने के बाद सीधा असर हमारी कमाई पर होगा.
ये भी पढ़ेंः इंतजार खत्म! 12वीं के मेधावी छात्रों को कल मिलेगी स्कूटी, 7,500 से ज्यादा स्टूडेंट्स को CM मोहन यादव देंगे सौगात
बड़े वाहन चालकों पर दिखेगा असर?
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर बड़े वाहनों पर देखने को मिल सकता है, क्योंकि उन्हें भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल लेना पड़ता है. यूपीआई से पेमेंट नहीं लेने पर ऐसे वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है. या फिर असुविधा से बचने के लिए उन्हें पर्याप्त मात्रा में कैश रखना पड़ सकता है. अब देखना यह होगा कि पेट्रोल पंप एसोसिएशन के इस फैसले को लेकर सरकार क्या निर्णय लेती है.
