MP Weather: मध्यप्रदेश में नवंबर के महीने में ठिठुराने वाली ठंड पड़ रही है. दिन प्रतिदिन तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. रात का तापमान प्रदेश के कई जिलों में तेजी से गिर रहा है. कटनी में पारा लुढ़ककर 8.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान माना जा रहा है.
राजधानी भोपाल में भी ठंड
राजधानी भोपाल में भी ठंड ने अचानक जोर पकड़ा है. एक ही रात में पारा 4.5 डिग्री गिरकर 9.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. भोपाल समेत मध्यप्रदेश के 7 शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया है. बीते दिन, प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 11.2 डिग्री रहा. वहीं रीवा में बीती रात का तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया.
अकवान तूफान का असर भी देखने को मिलेगा
वहीं, आज से अकवान तूफान का असर भी प्रदेश में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. शहडोल-डिंडोरी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां 4 इंच तक बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है.
तूफान ने उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. आंध्र प्रदेश के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को भी प्रभावित करेगा. एमपी के पूर्वी हिस्से के करीब 20 जिलों पर असर दिखाई देगा. गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. करीब 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट के यलो अलर्ट जारी किया गया है.
