लंदन स्‍कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई, 6 महीने में छोड़ी जज की नौकरी, कौन हैं साध्‍वी प्रखर जैन

From LSE To Jain Nun: मध्य प्रदेश के बैतूल की रहने वालीं पूर्व सिविल जज प्रखर जैन ने न्यायिक सेवा छोड़कर आध्यात्मिक जीवन का रास्ता चुन लिया है. लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई करने वालीं प्रखर ने न्यायाधीश बनने के महज छह महीने बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
Sadhvi Prakhar Jain

साध्‍वी प्रखर जैन

Who Is Sadhvi Prakhar Jain मध्य प्रदेश के बैतूल की रहने वालीं पूर्व सिविल जज प्रखर जैन ने न्यायिक सेवा छोड़कर आध्यात्मिक जीवन का रास्ता चुन लिया है. लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई करने वालीं प्रखर ने न्यायाधीश बनने के महज छह महीने बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. रविवार को सोनागिर में आयोजित तीन दिवसीय दीक्षार्थी महोत्सव के समापन पर उन्होंने जैन दीक्षा ग्रहण की. इसके बाद अब उनकी पहचान आर्यिका 105 सुवेधा श्री के रूप में होगी.

बचपन से था जज बनने का सपना

प्रखर जैन का न्यायाधीश बनना उनके परिवार का पुराना सपना था. बचपन से ही उनके और उनके पिता के मन में उन्हें जज बनते देखने की इच्छा थी. न्यायिक सेवा में चयन के बाद उनकी पहली नियुक्ति भोपाल में हुई, जहां उन्होंने करीब छह महीने तक सिविल जज के रूप में काम किया. इसी दौरान अदालत में आने वाले वैवाहिक विवादों और तलाक के मामलों ने उनके जीवन को लेकर सोच पर गहरा असर डाला.

तलाक के मामलों ने बदली जीवन के प्रति सोच

बताया जाता है कि अदालत में ऐसे कई मामले उनके सामने आए, जिनमें साथ जीवन बिताने का संकल्प लेने वाले दंपति अलग होने का फैसला कर रहे थे. लगातार ऐसे विवादों को देखने के बाद प्रखर के मन में जीवन के उद्देश्य, रिश्तों और आत्मकल्याण को लेकर सवाल उठने लगे. इसके बाद उन्होंने न्यायिक सेवा छोड़कर संन्यास का मार्ग अपनाने का निर्णय लिया.

परिवार ने स्वीकार किया संन्यास का फैसला

प्रखर के इस फैसले के बाद उनके परिजनों ने भी उनके आध्यात्मिक मार्ग को स्वीकार कर लिया. एक प्रतिष्ठित पेशे में करियर बनाने के बजाय उन्होंने संयम और वैराग्य का जीवन चुनने का फैसला किया. नवंबर की शुरुआत में बैतूल में उनकी बिनौली भी निकाली गई थी. इस आयोजन के लिए उदयपुर से बैंड बुलाया गया था.

भोपाल से शुरुआती पढ़ाई, लंदन से हासिल की उच्च शिक्षा

पढ़ाई में मेधावी रहीं प्रखर ने अपनी शुरुआती शिक्षा भोपाल से हासिल की. इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की और आगे की शिक्षा लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से प्राप्त की. न्यायिक सेवा में चयन के बाद उन्होंने सिविल जज के रूप में काम शुरू किया था, लेकिन कुछ ही महीनों में उनका जीवन एक नई दिशा की ओर मुड़ गया.

सोनागिर में दीक्षा के बाद मिला नया नाम

रविवार को सोनागिर में दीक्षा ग्रहण करने के साथ ही प्रखर जैन ने सांसारिक जीवन से अलग संयम और वैराग्य का मार्ग अपना लिया. अब वह आर्यिका 105 सुवेधा श्री के नाम से जानी जाएंगी. दीक्षार्थी महोत्सव में उनके अलावा अन्य महिलाओं ने भी दीक्षा ली, जिनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट, पेंटिंग आर्टिस्ट और समाजसेवा से जुड़ी महिलाएं शामिल थीं.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें