Vistaar NEWS

MP Weather Today: एमपी में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, IMD ने जारी किया 12 जिलों में अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट

MP Weather

मध्य प्रदेश मौसम, फाइल फोटो

Heavy Rain Warning Issued: मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. टीकमगढ़, पन्ना और नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा बारिश होने का अनुमान है. अगले 24 घंटे में इन जिलों में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है.

जबलपुर समेत 12 जिलों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है. यहां ढाई से 4 इंच तक बारिश होने का अनुमान है. लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने के साथ नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की जानकारी लेते रहने की अपील की है.

पूर्वी हिस्से में ज्यादा असर

मानसून की सक्रियता का सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्य प्रदेश में दिखाई देने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रह सकता है. 20 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी हिस्से में यलो अलर्ट रहेगा. 21 अगस्त को पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट रहेगा. इस दौरान कुछ इलाकों में सामान्य बारिश तो कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है.

बरगी डैम के 9 गेट खोले

जबलपुर में लगातार हो रही बारिश का असर बरगी बांध पर भी पड़ा है. नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बांध के 9 गेट खोल दिए गए हैं. गेट खुलने के बाद निचले क्षेत्रों में पानी का प्रवाह बढ़ सकता है. ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश में बारिश का असर जारी रहने की संभावना है.

ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में मूसलाधार बारिश का दौर, IMD ने 14 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Exit mobile version