Vistaar NEWS

MP Weather: एमपी में अगले हफ्ते हो सकती है मानसून की एंट्री! कई शहराें में गिरा तापमान, जून में अब तक 35% हुई बारिश

Weather Update

मौसम

Madhya Pradesh Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून के आगमन का इंतजार और लंबा हो सकता है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में मानसून अब 21 से 23 जून के बीच पहुंचने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेलंगाना के भद्राचलम क्षेत्र में मानसून की प्रगति पिछले करीब एक सप्ताह से थमी हुई है, जिसके कारण मध्य प्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी इसकी एंट्री में देरी हो रही है.

तापमान में आई गिरावट

बारिश और बादलों की वजह से दिन के तापमान में भी कमी आई है. शिवपुरी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पचमढ़ी, सिवनी और बैतूल में भी तापमान सामान्य से कम रहा. वहीं खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रमुख शहरों में भोपाल का तापमान 37 डिग्री, इंदौर का 37.3 डिग्री, उज्जैन का 38.5 डिग्री, ग्वालियर का 39.5 डिग्री और जबलपुर का 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

कई जिलों में प्री-मानसून बारिश

इधर प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं. मंगलवार को भी कई जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई. सीधी जिले में सबसे अधिक लगभग एक इंच वर्षा हुई, जबकि बैतूल, रीवा और सतना में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. रायसेन, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और सागर समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिला.

जून में बारिश का आंकड़ा पीछे

इस वर्ष मानसून की धीमी प्रगति का असर जून की कुल बारिश पर भी दिखाई दे रहा है. 1 से 16 जून के बीच प्रदेश में सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. खासतौर पर पूर्वी मध्य प्रदेश में स्थिति ज्यादा चिंताजनक है, जहां सामान्य बारिश का आधा आंकड़ा भी नहीं पहुंच पाया है. मौसम विभाग को उम्मीद है कि मानसून के सक्रिय होते ही बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है.

ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में जल्‍द होगी मानसून की एंट्री! IMD ने 30 जिलों में जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट

Exit mobile version