MP News: रायसेन जिले के गैरतगंज स्थित भोपाल-सागर मार्ग पर आलमपुर के समीप एमपीआरडीसी द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से कराया जा रहा सड़क निर्माण कार्य पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गया है. यहां सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जबकि डायवर्जन पुलिया बह जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा.
निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था की अनदेखी की गई है. बारिश का पानी पुलिया की क्षमता से अधिक होने के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया और डायवर्शन पुलिया बह गई. इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं.
यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
भोपाल और सागर को जोड़ने वाला स्टेट हाईवे-19 इस क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है. सड़क क्षतिग्रस्त होने से न केवल यातायात प्रभावित हुआ, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों, व्यापारियों तथा स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.
उच्च स्तरीय जांच की मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और एमपीआरडीसी से तत्काल क्षतिग्रस्त सड़क तथा पुलिया की मरम्मत कराने के साथ ही निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि पहली बारिश ही सड़क निर्माण की पोल खोल दे, तो यह जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
ये भी पढे़ं- MP News: दतिया उपचुनाव प्रचार के बीच खेत में उतरे जीतू पटवारी, ट्रैक्टर चलाकर धान की रोपाई की तैयारी में बंटाया हाथ
