Vistaar NEWS

भोपाल में नए LPG कनेक्शन पर ब्रेक, 20 हजार से ज्यादा आवेदन लंबित, छोटे सिलेंडर भी नहीं आए रास

lpg gas

एलपीजी गैस सिलेंडर

Bhopal LPG Crisis: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घरेलू LPG सिलेंडर का संकट अब केवल गैस की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि नए कनेक्शन लेने की कोशिश कर रहे परिवारों की परेशानी भी बढ़ गई है. मार्च 2026 से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन जारी नहीं हो रहे हैं. इसके चलते हजारों उपभोक्ता इंतजार करने को मजबूर हैं.

तेल कंपनियों ने इस बीच पांच और 10 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडरों का विकल्प पेश किया, लेकिन इनकी कीमत और कम वजन के कारण उपभोक्ताओं के बीच खास लोकप्रियता नहीं मिल सकी. हालात यह हैं कि भोपाल की करीब 46 गैस एजेंसियां मिलकर भी तीन महीने में एक हजार नए कनेक्शन जारी नहीं कर सकीं, जबकि 20 हजार से अधिक आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं.

छोटे सिलेंडरों की कीमत ने बिगाड़ा बजट

इंडेन, एचपी और भारत गैस ने जून-जुलाई में छोटे सिलेंडरों के नए कनेक्शन देने की शुरुआत की थी. कंपनियों को उम्मीद थी कि इससे घरेलू गैस की मांग का दबाव कम होगा और नए उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. हालांकि, कीमतों के अंतर ने इस योजना को अपेक्षित सफलता नहीं मिलने दी.

पांच किलोग्राम के सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने के लिए 1585 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि 10 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत 4700 रुपये है. इसके मुकाबले पहले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर का कनेक्शन करीब 3000 से 3500 रुपये में मिल जाता था. ऐसे में कम गैस के लिए अधिक शुरुआती रकम खर्च करना उपभोक्ताओं को महंगा पड़ रहा है.

गैस एजेंसियों पर जानकारी लेने पहुंच रहे लोग

गैस एजेंसियों पर रोजाना आठ से 10 लोग 14.2 किलोग्राम के नए कनेक्शन की जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है. छोटे सिलेंडरों के लिए आने वाले उपभोक्ताओं की संख्या भी सीमित है. मार्च से पहले भोपाल में रोजाना करीब 150 से 200 नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी किए जाते थे. गैस की किल्लत के दौरान नए कनेक्शन की मांग में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई थी. इसके बावजूद नए कनेक्शन बंद होने से जरूरतमंद परिवारों की मुश्किलें कम नहीं हो पा रही हैं.

बड़े परिवारों की बढ़ी परेशानी

इसका सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनमें पांच या उससे अधिक सदस्य हैं. ऐसे घरों में 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर एक महीने या उससे कम समय में खत्म हो जाता है. कई परिवार अतिरिक्त कनेक्शन लेना चाहते हैं, जबकि अलग रहने लगे बेटों के परिवारों को भी स्वतंत्र गैस कनेक्शन की जरूरत पड़ती है. नए कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने से इन परिवारों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है. इसके अलावा, पहले 19 दिन बाद दोबारा गैस बुक कराने की सुविधा थी, जिसे किल्लत के दौरान बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है.

भोपाल में पांच लाख एलपीजी उपभोक्ता

आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल में एलपीजी उपभोक्ताओं की कुल संख्या करीब पांच लाख है. इनमें लगभग 4.5 लाख घरेलू और 50 हजार व्यावसायिक उपभोक्ता शामिल हैं. ऐसे में नए कनेक्शन पर लगी रोक का असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिन्हें पहली बार गैस कनेक्शन की जरूरत है या जो अलग रसोई के लिए नया कनेक्शन लेना चाहते हैं.

कंपनियों की मंजूरी के बाद ही मिलेंगे नए कनेक्शन

जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, 14.2 किलोग्राम वाले नए घरेलू गैस सिलेंडरों के कनेक्शन तेल कंपनियों ने बंद कर रखे हैं. जब तक कंपनियां इन्हें दोबारा शुरू नहीं करतीं, तब तक नए कनेक्शन जारी नहीं किए जा सकते. उन्होंने कहा कि शहर में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ता पांच तथा 10 किलोग्राम वाले सिलेंडरों के कनेक्शन ले सकते हैं. हालांकि, छोटे सिलेंडरों की कीमत और उनकी सीमित क्षमता के चलते उपभोक्ताओं को यह विकल्प कितना राहत दे पाएगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है.

ये भी पढे़ं- 1 नवंबर से आपकी जेब पर सीधा असर, आधार, एफडी और क्रेडिट कार्ड समेत बदलने जा रहे हैं ये नियम!

Exit mobile version