MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सेंट्रल जेल में कैदियों के लिए एक नई पहल की गई है. जेल विभाग की ओर से भोपाल सेंट्रल जेल में साइकोलॉजिकल केयर सेंटर का उद्घाटन किया गया है. मध्य प्रदेश में पहली बार जेल में कैदियों के मेंटल हेल्थ की काउंसलिंग की शुरुआत भोपाल सेंट्रल जेल से होगी. कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए इस पहल की शुरुआत की गई है.
जेल DG वरुण कपूर ने किया सेंटर का उद्घाटन
मध्य प्रदेश के जेल DG वरुण कपूर ने साइकोलॉजिकल केयर सेंटर का उद्घाटन किया. इस दौरान उनके साथ सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह भी मौजूद थे. साइकोलॉजिकल सेंटर के उद्घाटन के अवसर पर जेल DG वरुण कपूर ने कहा कि सेंट्रल जेल में करीब 3300 कैदी हैं. इनमें से कई ऐसे कैदी हैं, जो मानसिक रूप से बीमार हैं.
ऐसे कैदी जो एंग्जायटी और स्ट्रेस के शिकार हैं, उनके लिए साइकोलॉजिकल केयर सेंटर का शुभारंभ किया गया है, जहां ऐसे कैदियों की काउंसलिंग की जाएगी. निश्चित तौर पर केंद्र के खुलने से मानसिक बीमारियों को ठीक करने में लाभ मिलेगा.
नियमित रूप से होगी कैदियों की काउंसलिंग
सेंट्रल जेल में साइकोलॉजिकल सेंटर शुरू होने से अब कैदियों का नियमित उपचार और काउंसलिंग हो सकेगी. बता दें कि राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट्स कैदियों की काउंसलिंग करेंगे. भोपाल में इसकी शुरुआत पहली बार की गई है. आने वाले समय में मध्य प्रदेश के अन्य जिलों की जेलों में भी इस तरह के साइकोलॉजिकल केयर सेंटर की शुरुआत की जाएगी.
MOU के तहत शुरू हुई पहल
मध्य प्रदेश जेल विभाग और राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गुजरात के बीच हुए समझौता हस्ताक्षर (MOU) के तहत इस पहल की शुरुआत की गई है. भोपाल स्थित राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के एक्सपर्ट्स कैदियों की काउंसलिंग करेंगे और उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे. काउंसलिंग के दौरान यदि किसी कैदी को बड़े अस्पताल में ले जाने की जरूरत पड़ती है, तो जेल विभाग की ओर से इसके लिए भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
ये भी पढे़ं- Raisen News: रायसेन गोली कांड मामले में जेल अधीक्षक आरके चौरे सस्पेंड, एक पुलिसकर्मी हुआ था घायल, एम्स में भर्ती
