Rajgarh News: राजगढ़ जिले के कुरावर में शनिवार सुबह विधायक अमरसिंह यादव की फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए. गंभीर घायल पिता राघवेन्द्र विश्वकर्मा (42) की इलाज के दौरान भोपाल में मौत हो गई, जबकि उनके 11 साल के बेटे लक्ष्य को मामूली चोटें आईं. हादसे के बाद विधायक अमरसिंह यादव खुद दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया था.
क्या है पूरा मामला?
घटना शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे छोटी महाकाल मंदिर के सामने हुई. पुलिस के अनुसार, विधायक अमरसिंह यादव फॉर्च्यूनर (MP04 WC 0111) से जा रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी की बाइक (MP04 QM 5768) से टक्कर हो गई. बाइक पर राघवेन्द्र और उनका बेटा लक्ष्य सवार थे.
पिता के सिर में गंभीर चोट, कान से निकला खून
हादसे में राघवेन्द्र के सिर में गंभीर चोट आई और कान से खून निकलने लगा. लक्ष्य को मामूली चोटें आईं. दुर्घटना के बाद विधायक दोनों को कुरावर के लाइफ केयर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया. उपचार के दौरान राघवेन्द्र ने दम तोड़ दिया.
ये भी पढ़ें: Rajgarh: पुलिस पर 2 दिनों में 4 बार हमला, अब हेड कॉन्स्टेबल से लूट के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
पीलूखेड़ी की कंपनी में काम करते थे राघवेन्द्र
राघवेन्द्र विश्वकर्मा कुरावर की न्यू मार्केट कॉलोनी में रहते थे और पीलूखेड़ी स्थित एचपीसीएल कंपनी में कार्यरत थे. हादसे में उनकी मौत से परिवार में शोक है.
