Vistaar NEWS

Rajgarh: पुलिस पर 2 दिनों में 4 बार हमला, अब हेड कॉन्स्टेबल से लूट के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार

rajgarh police head constable assault and robbery case 6 accused arrested

राजगढ़: पुलिस पर हमला और लूट के आरोप में 6 आरोपी गिरफ्तार

Rajgarh Crime News: राजगढ़ में पुलिसकर्मी प्रधान आरक्षक से मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार 6 आरोपियों को रविवार (20 सितंबर) शाम पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल जुलूस के रूप में घुमाया. आरोपियों के हाथ रस्सी से बंधे थे और उनके साथ पुलिसकर्मी डंडे लेकर चल रहे थे. पारायण चौक, गांधी चौक, किला गेट और पुराना बस स्टैंड से निकले इस जुलूस के दौरान पुलिस ने आरोपियों से बीच बाजार में उठक-बैठक भी लगवाई.

आरोपियों से उठक-बैठक लगवाई

आरोपियों ने खुद लोगों को बताया कि उन्होंने पुलिसकर्मी पर हाथ उठाया था. इस दौरान वे कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए कहते रहे, ‘कानून हाथ में लेना पाप है, पुलिस हमारी बाप है.’ पुलिस आरोपियों को किला गेट भी लेकर पहुंची, जहां घटना हुई थी. यहां भी उनसे उठक-बैठक लगवाई गई. पुलिस का कहना था कि कार्रवाई का उद्देश्य लोगों के बीच से आरोपियों का खौफ खत्म करना था.

क्या है पूरा मामला?

मामला 19 सितंबर की रात का है. कोतवाली पुलिस के अनुसार प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा गणेश उत्सव ड्यूटी पर किला गेट क्षेत्र में तैनात थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे लोगों को संदेह के आधार पर रोकने पर विवाद हो गया. आरोप है कि सात लोगों ने पुलिसकर्मी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा डाली.

5000 रुपये भी लूट लिए

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने प्रधान आरक्षक नन्द किशोर मीणा की जेब में रखा पर्स भी छीन लिया. उसमें 5 हजार रुपए, पर्स में अलग रखे 1 हजार रुपए और जरूरी कागजात रखे थे. आरोपियों ने पुलिस कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी थी, घटना शनिवार रात करीब 8.50 से 9.10 बजे के बीच की बताई गई है. इसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 707/2026 दर्ज किया.

ये भी पढ़ें: एमपी में नई ‘विद्वान जनता पार्टी’ का ऐलान, मंत्री के चैलेंज के बाद चुनावी मैदान में उतरेंगे शिक्षक, जानें मामला

रविवार को पकड़े गए आरोपी

पुलिस ने मामले में भारत पिता विजय सिंह तंवर, अनार सिंह पिता भीमा जी तंवर, ललित तंवर, कालू तंवर, राकेश तंवर, राजेश तंवर और धर्मेंद्र तंवर, सभी निवासी ग्राम झंझाड़पुर, को आरोपी बनाया है। मामले में बीएनएस की धारा 132, 121(1), 221, 310(2), 296(बी) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. इनमें धारा 132 सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल के इस्तेमाल से संबंधित है, जबकि धारा 121(1) ड्यूटी कर रहे लोक सेवक को चोट पहुंचाने से संबंधित है.

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जिले में बदमाशों के हौंसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं. दो दिनों के भीतर पुलिस पर हमले के 4 मामले सामने आ चुके हैं.

Exit mobile version