Vistaar NEWS

MP News: कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनर्परीक्षा आज से शुरू, परीक्षा केंद्रों पर होगी प्रश्नपत्रों की तत्काल प्रिंटिंग

Exam

परीक्षा देते हुए बच्‍चे (सांकेतिक तस्‍वीर)

MP News: राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशों के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनर्परीक्षाएं मंगलवार यानी आज 16 जून से शुरू हो गई हैं. यह परीक्षाएं 23 जून तक संचालित की जाएंगी. पुनर्परीक्षा में वे विद्यार्थी शामिल होंगे जो मुख्य परीक्षा में असफल रहे थे या किसी कारणवश परीक्षा में उपस्थित नहीं हो सके थे. सभी परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से आयोजित होंगी.

विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

परीक्षाओं के संचालन के लिए जन शिक्षा केंद्र स्तर पर परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं. परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों को सौंपी गई है.

गोपनीयता बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था

परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने और प्रश्नपत्र लीक जैसी संभावित घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस बार विशेष व्यवस्था की गई है. जिला परियोजना समन्वयक योगेश शर्मा के अनुसार, प्रश्नपत्रों की छपाई सीधे परीक्षा केंद्रों पर ही की जाएगी. परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्राध्यक्ष परीक्षा पोर्टल से प्रश्नपत्र डाउनलोड कर उनकी प्रिंटिंग कराएंगे. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला परियोजना समन्वयक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.

केंद्रों पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध

परीक्षा संचालन को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर कम से कम दो कंप्यूटर या लैपटॉप, दो कार्यशील प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, पर्याप्त ए-4 पेपर, टोनर तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.

ये भी पढे़ं- 5वीं और 8वीं कक्षा का परिणाम कल होगा घोषित, ऑनलाइन देख सकते हैं विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम

Exit mobile version