Vistaar NEWS

सड़कों पर पड़ा है कचरा, बदबू मार रहे मांस के टुकड़े, सफाईकर्मियों की हड़ताल से बिगड़े राजधानी के हालात

Garbage strewn on the streets in Bhopal

भोपाल में सड़कों पर फैला कचरा

MP News: मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल इस समय कचरे का बड़ा अड्डा बन चुकी है. सड़कों पर करीब 2550 टन कचरा पड़ा हुआ है. शहर के वीआईपी इलाकों में भी हालात बहुत बेकार नजर आ रहे हैं. राजधानी के श्‍यामला हिल्‍स, 74 बंगले, अरेरा कॉलोनी, एमपी नगर, नेहरू नगर, अवधपुरी, आयोध्‍या बायपास समेत कई छोटे और बडे़ इलाकों में कचरे का ढेर लगा हुआ है और ये सब दीपावली के मौके पर देखने को मिल रहा है, जब लोग खरीदारी करने के लिए बजारों में जाते हैं.

शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते चौक बाजार में व्‍यापारी कचरे के ढेर में आग लगा रहे हैं. वहीं इतवारा-बुधवारा बाजार में मांस, मछली बाजार में कचरे के ढेर में सड़ रहे हैं और बदबू फैला रहे हैं. इस कचरे के जलने और अवशेषों से बदबू आने से हवा प्रदूषि‍त होने का खतरा बढ़ता जा रहा है. वहीं सड़ते हुए कचरे से संक्रमण और अनेक तरह की बीमारियों के फैलने का डर भी बना हुआ है.

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

दरअसल, प्रदेश भर में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर है, जिसके कारण केवल राजधानी ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के बड़े और छोटे शहरों का हाल बेहाल दिखाई दे रहा है. सफाई कर्मचारी अपना वेतन 10,500 से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्त‍ि समेत चार मांग सरकार के सामने रखी है.

मंत्रालय के सामने भी पड़ा है कचरा

सफाई कर्मचारी 3 दिन से हड़ताल पर बैठे हैं. हड़ताल के कारण शुक्रवार को भोपाल के कुछ इलाकों में पानी की सप्‍लाई भी प्रभावित हो गई. कर्मचारियों ने टैंकर से पानी की सप्‍लाई बंद कर दी. राजधानी में कचरा शहर के इलाकों ही नहीं, बल्कि मंत्रालय के सामने और पॉश इलाके चार इमली में कचरे का ढेर लग गया है और नालियों में भी कचरा इस तरह से फंसा हुआ है कि पानी निकलने का भी रास्‍ता नहीं है. बताया जा रहा है कि हड़ताल और शहरों में फैली गंदगी को देखते हुए निगम कमिश्नर ने आंदोलनकारी यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है.

Exit mobile version