Bhopal News: भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया. पुराने भोपाल से पिकनिक मनाने पहुंचे सात युवक अचानक पहाड़ों से उतरकर आए पानी के तेज बहाव के बीच एक टीले पर फंस गए. युवकों ने मोबाइल फोन के जरिए अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी.
शाम 7 बजे पुलिस को मिली सूचना
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम शाम करीब 7 बजे मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. लगातार बारिश के कारण पिकनिक स्पॉट के आसपास पहाड़ी पानी तेज रफ्तार से बह रहा था, जिससे टीले तक पहुंचना मुश्किल हो गया था.
तेज बहाव के चलते ग्रामीणों को रोका
पानी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को सीधे टीले तक जाने से रोक दिया. इसके साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई. पुलिस और ग्रामीणों ने युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए संभावित रास्तों की तलाश शुरू की.
तीन रास्तों से रेस्क्यू की कोशिश
पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर टीले तक पहुंचने के लिए तीन संभावित रास्तों से रेस्क्यू अभियान चलाया. संयुक्त प्रयासों के बाद सभी सातों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
दोपहर 3 बजे पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक
बताया गया कि सातों युवक मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे. इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के बाद पहाड़ों से पानी तेजी से नीचे उतरने लगा और पिकनिक स्पॉट के चारों ओर बहाव बढ़ गया. पानी का बहाव बढ़ने पर युवक एक टीले पर फंस गए और उन्होंने मोबाइल के जरिए अपने परिजनों को सूचना दी.
ये भी पढे़ं- MP News: विदिशा में बेतवा नदी का बढ़ा जलस्तर, पथरिया गांव में फंसे 4 लोग और सात गौवंश को SDERF ने किया रेस्क्यू
