MP News: विदिशा में बेतवा नदी का बढ़ा जलस्तर, पथरिया गांव में फंसे 4 लोग और सात गौवंश को SDERF ने किया रेस्क्यू
पथरिया गांव में फंसे 4 लोग और सात गौवंश को SDERF ने किया रेस्क्यू
MP News: विदिशा जिले में लगातार जारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई क्षेत्रों में पानी भर गया है. सोमवार शाम पथरिया गांव में चार लोग और सात गौवंश तेज पानी के बीच फंस गए. सूचना मिलने के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, चरण तीर्थ मंदिर में पानी के बीच फंसे तीन कुत्तों का भी रेस्क्यू किया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने एसडीईआरएफ की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया. जिला सेनानी होमगार्ड मयंक कुमार जैन के निर्देशन में प्लाटून कमांडर रश्मि दुबे के नेतृत्व में आठ जवानों की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया. टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पानी में फंसी एक महिला और तीन पुरुषों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया.
इसके अलावा टीम ने पथरिया गांव में फंसे सात गौवंश को भी सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, चरण तीर्थ मंदिर परिसर में पानी के बीच फंसे कुत्ते को भी एसडीईआरएफ जवानों ने सुरक्षित निकाल लिया. लगातार बारिश के बीच प्रशासन और बचाव दल की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया.
तीन कुत्तों के फंसे होने की मिली सूचना
SDERF प्लाटून कमांडर रश्मि दुबे के मुताबिक, स्थानीय व्यक्ति से चरणतीर्थ पर तीन कुत्तों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही बड़वाले घाट पर तैनात टीम को मौके पर भेजकर स्थिति की जानकारी ली गई. कुत्तों के फंसे होने की पुष्टि होने के बाद मुख्यालय से बोट के साथ रेस्क्यू टीम रवाना की गई. तेज बहाव और लगातार बढ़ते पानी के बीच जवानों ने काफी सावधानी बरती और तीनों कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन
विदिशा में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए SDERF की 12 सदस्यीय टीम लगातार संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही है. इससे पहले बामनखेड़ा (खामखेड़ा) में बाढ़ के बीच फंसे 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था. इसके बाद पथरिया गांव से सूचना मिलने पर टीम ने वहां फंसे चार लोगों और सात गौवंश को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रेस्क्यू का वीडियो
तीनों कुत्तों के रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद लोग रेस्क्यू टीम के जवानों की सराहना कर रहे हैं. जवानों ने बताया कि बेतवा का बहाव काफी तेज होने के कारण मंदिर तक पहुंचना आसान नहीं था. इसके बावजूद टीम ने लगातार प्रयास जारी रखा और आखिरकार तीनों कुत्तों को सुरक्षित बाहर निकालकर बोट के जरिए नदी किनारे पहुंचाया.
ये भी पढे़ं- Khandwa News: खंडवा में तेज बारिश से जगह-जगह जलभराव, घरों में घुसा पानी, भगवंत सागर डैम के 4 गेट खोले