Vistaar NEWS

MP में धान खरीदी से पहले बारदानों का संकट, 1.47 लाख गठानों की जरूरत, 7 दिन बाद शुरू होगी खरीदी

Shortage of gunny bags ahead of paddy procurement in Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में बारदानों का संकट

MP News: मध्य प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बारदानों की कमी ने सरकार की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस खरीफ सीजन में सरकार ने 47 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है, लेकिन इसके लिए जरूरी बारदानों की उपलब्धता अभी काफी कम है. जरूरत करीब 1 लाख 47 हजार गठानों की बताई जा रही है, जबकि फिलहाल सिर्फ 30 हजार गठानें उपलब्ध हैं. यानी कुल जरूरत का महज 20.4 प्रतिशत बारदाना ही जुट पाया है. करीब 1 लाख 17 हजार गठानों की व्यवस्था अभी बाकी है. धान की खरीदी एक दिसंबर से शुरू होनी है. ऐसे में खरीदी प्रक्रिया के दौरान बारदाने की समस्या से जूझना पड़ सकता है.

इस बार प्रदेश में धान बेचने के लिए 6.77 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है. पंजीयन प्रक्रिया 15 सितंबर से 4 नवंबर तक चली थी. हालांकि अक्टूबर में जारी विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 10 अक्टूबर तक 6.77 लाख धान उत्पादक किसानों का पंजीयन हुआ था. बाद की रिपोर्टों में पंजीयन संख्या बढ़कर 8.68 लाख से अधिक बताई गई. इससे खरीदी के दायरे और बारदानों की जरूरत का दबाव भी बढ़ सकता है.

उत्पादन पर भी असर की आशंका

इस साल प्रदेश में धान का रकबा बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था. कृषि विभाग ने खरीफ 2026 में 39.63 लाख हेक्टेयर में धान बोने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन कमजोर मानसून और कम बारिश के कारण वास्तविक बोवनी करीब 36.65 लाख हेक्टेयर तक ही पहुंच पाई. यानी लक्ष्य से लगभग तीन लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में धान की खेती हुई. प्रदेश के 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई. कृषि विभाग के प्रथम अग्रिम अनुमान के मुताबिक खरीफ की सभी फसलों का कुल उत्पादन पिछले साल के मुकाबले करीब चार लाख टन कम रहने की आशंका जताई गई है. हालांकि इस सीजन में धान का अंतिम उत्पादन कितना रहेगा, इसका आधिकारिक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है.

पिछले उत्पादन आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में मध्यप्रदेश में धान का उत्पादन करीब 101 लाख मीट्रिक टन के स्तर पर रहा था. इस बार 47 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य है. जब कि 47 लाख टन सरकार की समर्थन मूल्य पर खरीदी का लक्ष्य है, कुल उत्पादन का बड़ा हिस्सा किसान घरेलू उपयोग, खुले बाजार और अन्य माध्यमों से भी बेचते हैं.

किसानों से किया MSP पर खरीदी का वादा

सरकार ने किसानों से धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी का भरोसा दिया है. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये और ए-ग्रेड धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. खरीदी एक दिसंबर से शुरू होनी है. पंजीकृत किसानों की उपज निर्धारित खरीदी केंद्रों पर समर्थन मूल्य के अनुसार खरीदी जाएगी. पिछले खरीफ सीजन में प्रदेश में 51.54 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया था. इस बार का 47 लाख टन का लक्ष्य उससे कम है.

पुराने बारदानों से संकट दूर करने की तैयारी

हालांकि बारदानों की कमी पर कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता का कहना है कि प्रदेश में बारदानों की कोई कमी नहीं है और इसके पूरे प्रबंध कर लिए गए हैं. पुराने और उपयोग किए जा चुके बारदानों का दोबारा इस्तेमाल किया जाएगा. सरकार के सामने चुनौती यह है कि पुराने बारदानों की उपलब्धता, उनकी गुणवत्ता और नई जरूरत के हिसाब से समय रहते व्यवस्था हो जाए. गेहूं खरीदी के दौरान भी बारदानों की कमी सामने आई थी और तब प्लास्टिक के बारदानों की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी थी.

खरीदी प्रक्रिया में हो सकती है देरी

धान खरीदी में बारदाने सिर्फ पैकिंग का इंतजाम नहीं, बल्कि खरीदी केंद्रों से लेकर भंडारण और परिवहन तक पूरी व्यवस्था की अहम कड़ी हैं. यदि समय पर पर्याप्त बारदाने नहीं पहुंचे तो केंद्रों पर उपज तौलने, पैकिंग और उठाव में देरी हो सकती है. किसानों को इंतजार करना पड़ सकता है और भंडारण व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ेगा.

Exit mobile version