Twisha Sharma Death Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम आदेश दिया है. अदालत ने भोपाल की ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है. CJI जस्टिस सूर्यकांत ने मामले की सुनवाई की है. कोर्ट ने प्रतिवादियों को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है. अब इस मामले में दो सप्ताह बाद अगली सुनवाई होगी.
सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई और गिरिबाला को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है. वहीं कोर्ट ने कहा कि गिरीबाला की जमानत याचिका पर जबलपुर हाई कोर्ट सुनवाई कर सकता है. इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने अनुमति दी है.
पिता ने दिल्ली में सुनवाई कराने की मांग की
ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर याचिका दाखिल की है. इसमें उन्होंने मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की है. इसी याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने का आदेश दिया. फिलहाल यह रोक अगले आदेश तक जारी रहेगी. अब अगली सुनवाई में अदालत याचिका और संबंधित पक्षों के जवाब पर विचार करेगी.
पति और सास की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया गया था. प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने की है. इससे पहले मध्य प्रदेश हाई कोर्ट भी गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत के मामले में सुनवाई कर चुका है. हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी.
12 मई को ससुराल में मिला था शव
ट्विशा शर्मा की मौत का मामला 12 मई 2026 को सामने आया था. भोपाल स्थित उनकी ससुराल में उनका शव फंदे से लटका मिला था. घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे. शुरुआत में पुलिस और विशेष जांच दल (SIT) ने मामले की जांच की. हालांकि, परिवार ने जांच पर सवाल उठाते हुए CBI से जांच कराने की मांग की थी. बाद में मध्य प्रदेश सरकार की सहमति से मामला CBI को सौंप दिया गया.
मॉडल और कंटेंट क्रिएटर थीं ट्विशा
ट्विशा शर्मा मॉडल, अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर थीं. वह मिस पुणे रह चुकी थीं और योग प्रशिक्षक के रूप में भी काम करती थीं. इसके अलावा, वह एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर चुकी थीं. उनकी शादी 12 दिसंबर 2025 को वकील समर्थ सिंह से हुई थी. समर्थ सिंह भोपाल की सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं. अब मामले की अगली सुनवाई में दिल्ली ट्रांसफर याचिका पर होने वाली कार्यवाही महत्वपूर्ण होगी.
ये भी पढे़ं- ‘देश छोड़कर फरार हो सकती हैं…’, CBI ने जताई आपत्ति, ट्विशा केस में गिरिबाला की जमानत याचिका पर सुनवाई आज
