Vistaar NEWS

विदिशा में देश का पहला मॉडल कृषि विज्ञान केंद्र, कल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे शिलान्यास

Shivraj Singh Chouhan (File Photo)

शिवराज सिंह चौहान(File Photo)

Input- सुरेंद्र सिंह राजपूत

MP News: विदिशा तहसील के ग्राम बेरखेड़ी जेतू में रविवार 14 जून को कृषि एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है. भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री एवं विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान द्वारा लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले कृषि विज्ञान केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा. इसके साथ ही किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत सी.आर.एम. (क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट) प्रोजेक्ट की भी शुरुआत की जाएगी.

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक उपलब्ध करवाई जाएगी

यह जानकारी रविवार को आयोजित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने दी. उन्होंने बताया कि यह परियोजना विदिशा विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी. कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवीन अनुसंधान, उन्नत बीजों, फसल प्रबंधन तथा कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.

विधायक ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री लखन पटेल सहित विदिशा संसदीय क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे.

3 हजार किसानों शामिल हो सकते हैं

कार्यक्रम में विदिशा एवं रायसेन जिले के विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों के साथ लगभग 2500 से 3000 किसान शामिल होने की संभावना है. किसानों को नई कृषि तकनीकों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए करीब 25 प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे. कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पूरे समय उपस्थित रहकर किसानों एवं लाभार्थियों से संवाद करेंगे.

विधायक मुकेश टंडन ने बताया कि यह सौगात क्षेत्र के कृषि विकास को नई दिशा देगी और किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

ये भी पढ़ें: उमरिया में बाघ ने एक और युवक को बनाया निवाला, दो दिनों में दो मौतें, कल युवक की बड़ी मम्मी को बनाया था शिकार

Exit mobile version