Vidisha: विदिशा के पटाखा मार्केट में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
पटाखा मार्केट में लगी आग
विदिशा के पटाखा मार्केट में भीषण आग लगने की खबर सामने आ रही है. इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान होने की संभावना है. हालांकि अभी तक नुकसान की सटीक जानकारी सामने नहीं आई है. ये घटना विदिशा जिले की गंजबासौदा तहसील की बताई जा रही है, जहां पर दिवाली की वजह से पटाखों का मार्केट का सजाया गया था. सैकड़ों लोग वहां शॉपिंग करने पहुंचे थे. तभी अचानक एक पढाखा की दुकान पर आग लग गई और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई.
आग बुझाने की कोशिश जारी
मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद हैं और आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक पहले एक दुकान में आग लगी और देखते ही देखते कई दुकानों को आग ने अपने काबू में ले लिया. आग की आसमान छूती लपटे देखकर मार्केट में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
कोई जनहानि की सूचना नहीं
इस घटना में फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है लेकिन लाखों के कारोबार को नुकसान हुआ है. पटाखा बाजारों या गोदामों में इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर सुरक्षा मानकों की अनदेखी या असावधानी के कारण होती हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने का खतरा बना रहता है.
उमरिया में लग गई आग
उधर उमरिया में जिला न्यायालय के सामने लगने वाले बाजार में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक आग लगने से दो हाथ ठेले जलकर क्षतिग्रस्त हो गए. ठेलों पर रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। घटना में छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है. सुबह-सुबह हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया.



