Vidisha: विदिशा में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है. वहीं बेतवा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. सोमवार को कांवड़ यात्रियों के नदी घाट पर पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. एसडीएम क्षितिज शर्मा और नगर पालिका सीएमओ दुर्गेश ठाकुर ने बेतवा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निचले इलाकों में पानी जमा
लगातार बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है. एसडीएम क्षितिज शर्मा के मुताबिक डंडापुरा, कागदीपुरा और बांसकुली क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी है. इन इलाकों के निचले होने के कारण बारिश का पानी जमा हुआ है. नगर पालिका की टीम द्वारा पानी की निकासी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ा
इधर लगातार बारिश के चलते बेतवा नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. स्थिति को देखते हुए एसडीएम क्षितिज शर्मा और नगर पालिका सीएमओ दुर्गेश ठाकुर ने बेतवा घाट का निरीक्षण किया. सोमवार को कांवड़ यात्री नदी से जल भरने के लिए घाट पर पहुंच रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया है.
प्रशासन ने दिए निर्देश
प्रशासन ने होमगार्ड जवानों को नदी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि नदी के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें.
ये भी पढ़ेंः छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरे जयराम महतो! बिना पानी बैठे उपवास पर, विधानसभा मार्च का ऐलान
